Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

इराकी सुरक्षा बलों ने ISIS के शीर्ष कमांडर सहित 8 आतंकवादियों को किया ढेर, PM अल-सुदानी ने की पुष्टि

October 23, 2024

इराकी सुरक्षा बलों ने ISIS के शीर्ष कमांडर सहित 8 आतंकवादियों को किया ढेर, PM अल-सुदानी ने की पुष्टि

बगदाद : इराक के प्रधानमंत्री ने मंगलवार को कहा कि एक सैन्य अभियान के दौरान आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के एक कमांडर और आठ अन्य आतंकवादियों को मार गिराया गया है। वहीं अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका और इराकी सुरक्षा बलों ने सोमवार रात भर एक संयुक्त अभियान संचालित किया और इस दौरान दो अमेरिकी सैनिक भी घायल हुए। इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने कहा कि सलाहुद्दीन प्रांत में हमरीन पर्वतीय क्षेत्र में आतंकवाद रोधी सुरक्षा बलों और राष्ट्रीय सुरक्षा सेवा के एक संयुक्त अभियान में जासिम अल-मजरुई अबु अब्दुल कदिर मारा गया।

अल-सुदानी ने एक बयान में कहा, ‘‘इराक में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है। हम उनके ठिकानों तक उनका पीछा करेंगे और उनका खात्मा करेंगे। वहीं अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन के प्रेस सचिव एवं अमेरिकी वायुसेना के मेजर जनरल पैट राइडर ने बताया कि अभियान के दौरान घायल हुए दोनों अमेरिकी सैनिकों की हालत स्थिर है। राइडर और अन्य अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि अभियान के दौरान इस्लामिक स्टेट के शीर्ष आतंकवादियों को निशाना बनाया गया।

हालांकि उन्होंने हमले में अब्दुल कादिर के मारे जाने की पुष्टि नहीं की। उन्होंने और एक अन्य अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि पेंटागन मारे गए आतंकवादियों की पहचान उजागर करने से पहले अंतिम जांच विश्लेषण का इंतजार कर रहा है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घायल दोनों अमेरिकी सैनिकों का बगदाद में इलाज हो रहा है। संयुक्त अभियान कमान ने एक बयान में कहा कि ‘‘अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बलों की ओर से सटीक खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान के आधार पर’’ यह अभियान चलाया गया। बयान के अनुसार हमले में मारे गए आतंकवादियों के संबंध में घोषणा डीएनए परीक्षण के बाद की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें