हांगकांग में कार्यालय के कंप्यूटर पर WhatsApp और Google Drive इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे नौकरशाह
October 23, 2024
हांगकांग: हांगकांग सरकार ने सुरक्षा जोखिमों की आशंका के मद्देनजर अधिकतर नौकरशाहों के कार्यालय के कंप्यूटरों पर व्हाट्सऐप, वी चैट और गूगल ड्राइव जैसे लोकप्रिय ऐप के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। डिजिटल नीति कार्यालय के नए आईटी सुरक्षा दिशानिर्देशों के कारण कई नौकरशाहों ने असुविधा होने की शिकायत की है।
सरकारी कर्मचारियों को कार्यस्थल पर अपने उपकरणों से इन ऐप का उपयोग करने की अनुमति होगी, तथा वे प्रबंधक से मंजूरी लेकर पाबंदियों में छूट भी पा सकते हैं। बुधवार को कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि नीति का उद्देशय़ संभावित रूप से गड़बड़ी वाले लिंक और अनुलग्नकों से होने वाले नुकसान से बचना है।
कार्यालय ने इन पाबंदियों से प्रभावित विभागों को विकल्प तलाशने का सुझाव दिया है। हांगकांग सूचना प्रौद्योगिकी संघ के मानद अध्यक्ष फ्रांसिस फोंग ने कहा कि वे सरकार के व्यापक दृष्टिकोण से कुछ हद तक सहमत हैं। उन्होंने कहा कि इससे साइबर सुरक्षा जोखिम में कमी आएगी और डेटा उल्लंघनों से जुड़ी समस्याएं दूर होंगी।