Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ola इलेक्ट्रिक में नहीं थम रही गिरावट, ऑल-टाइम हाई से 48 प्रतिशत फिसला शेयर

October 24, 2024

Ola इलेक्ट्रिक में नहीं थम रही गिरावट, ऑल-टाइम हाई से 48 प्रतिशत फिसला शेयर

मुंबई: ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में गिरावट का दौर जारी है। शेयर में लगातार कमजोरी देखी जा रही है। बुधवार को कारोबारी सत्र में शेयर 80 रुपये के नीचे भी फिसल गया। हालांकि, दिन के अंत में शेयर मामूली तेजी के साथ 81.76 रुपये पर बंद हुआ। कारोबारी सत्र में ओला इलेक्ट्रिक का शेयर गिरावट के साथ खुला था। शुरुआती कारोबार में ही शेयर ने 79.15 रुपये का न्यूनतम स्तर छुआ। इस दौरान शेयर ने 83 रुपये उच्चतम बनाया।

ओला इलेक्ट्रिक के शेयर की लिस्टिंग अगस्त 2024 में हुई थी। लिस्टिंग के बाद शेयर में बड़ी तेजी देखी गई थी और शेयर ने 157 रुपये का उच्चतम स्तर बनाया था। इसके बाद से शेयर में लगातार गिरावट देखी जा रही है। बुधवार के बंद के मुताबिक, शेयर अपने उच्चतम स्तर से करीब 48 प्रतिशत लुढ़क चुका है।

आनंद राठी शेयर्स और स्टॉक ब्रोकर्स में सीनियर मैनेजर – टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट, जिगर एस पटेल ने कहा कि ओला इलेक्ट्रिक के लिए 76 रुपये एक सपोर्ट लेवल के तौर पर काम करेगा और वहीं, 86 एक रुकावट का स्तर है। अगर यह 86 रुपये के ऊपर बंद होता है तो 98 रुपये तक जा सकता है। छोटी अवधि में यह 84 रुपये से लेकर 98 रुपये तक की रेंज में रह सकता है।

बाजार के अन्य जानकारों का कहना है कि ओला इलेक्ट्रिक में 86 रुपये का मजबूत सपोर्ट टूट गया है और अगला लक्ष्य 75 रुपये का है। साथ ही बताया कि काउंटर में ट्रेंड लगातार नकारात्मक बना हुआ है।

जानकारों ने आगे कहा कि लिस्टिंग के बाद 157 रुपये का उच्चतम स्तर छूने के बाद शेयर में लगातार गिरावट देखी जा रही है। अब यह आईपीओ प्राइस 76 रुपये के आसपास आ गया है। शेयर की स्थिति कमजोर बनी हुई है और हर स्तर पर बिकवाली देखी जा रही है। साथ ही कहा कि कमजोरी को देखते हुए निवेशकों को इस स्टॉक से दूर रहना चाहिए और मजबूत फंडामेंटल वाले शेयरों में निवेश करना चाहिए।

ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में गिरावट की वजह बिक्री में कमी आना और सर्विस से जुड़ी समस्या का होना है। सरकारी पोर्टल वाहन पर दी गई जानकारी के मुताबिक, ओला इलेक्ट्रिक की ओर से सितंबर में 24,665 ई-स्कूटर्स बेचे गए थे। अगस्त में यह आंकड़ा 27,587 था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें