Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्र ने पीएम मुद्रा योजना में लिमिट को किया दोगुना, अब मिलेगा 20 लाख रुपये तक का लोन

October 26, 2024

केंद्र ने पीएम मुद्रा योजना में लिमिट को किया दोगुना, अब मिलेगा 20 लाख रुपये तक का लोन

नई दिल्ली: केंद्र सरकार की ओर से दीपावली से पहले देशवासियों को बड़ी सौगत दी गई है। सरकार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत दिए जाने वाले लोन की सीमा को बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है। अब इस योजना में व्यापार करने के लिए 20 लाख रुपये तक का लोन ले सकते हैं। पहले यह लिमिट 10 लाख थी।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आम बजट 2024-25 में पीएम मुद्रा योजना में दिए जाने वाले लोन की सीमा को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने का ऐलान किया गया था।

सरकार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस योजना में अब एक नई कैटेगरी तरुण प्लस को जोड़ा गया है, जिसमें छोटे व्यापारी 20 लाख रुपये तक के लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले इस योजना में तीन कैटेगरी थी, जिसमें शिशु के तहत 50,000 रुपये तक, किशोर में 5 लाख रुपये तक और तरुण में 10 लाख रुपये का लोन दिया जाता है।

इस कदम के जरिए सरकार की कोशिश छोटे व्यापारियों को बढ़ावा देना है, जिससे कि वे आसानी से कारोबार के लिए लोन ले सकें। इससे नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और लोगों को अपना कारोबार खोलने का अवसर भी मिलेगा और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

ऐसे लोग जो कारोबार शुरू करना चाहते हैं या फिर अपने छोटे कारोबार को बढ़ाना चाहते हैं। उन लोगों के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एक अच्छा विकल्प है। मुद्रा लोन की खास बात यह है कि इस पर ब्याज दरें काफी कम होती हैं और लोन की लिए आपको किसी गारंटर की आवश्यकता नहीं होती, क्योंकि सरकार यहां पर गारंटर होती है। आप अपने किसी नदजीकी बैंक शाखा या फिर ऑनलाइन माध्यम से पीएम मुद्रा लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें