Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

रीवा में पति संग पिकनिक मनाने गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने मामले में सभी आरोपी गिरफ्तार

October 27, 2024

रीवा में पति संग पिकनिक मनाने गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने मामले में सभी आरोपी गिरफ्तार

रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र स्थित भैरव बाबा क्षेत्र में पिकनिक मनाने गए एक दंपति से मारपीट और सामूहिक दुष्कर्म के मामले के सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी द्वारा 21 अक्टूबर को गुढ़ के कुड़िया नाला खामडीह में दंपति के साथ हुई जघन्य घटना का खुलासा किया गया। मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि गुढ़ के रामजी कोरी के यहां 20 अक्टूबर को जन्मदिन का कार्यक्रम था। इसमें उसके रिश्तेदार आए हुए थे, जिन्होंने 21 अक्टूबर को कुड़िया नाला खामडीह में बाटी चोखा की पार्टी की थी।

सूचना पर संदेही रामजी कोरी को पुलिस अभिरक्षा मे लेकर पूछताछ की गई थी, जिसने घटना करना स्वीकार किया एवं बताया कि वह और उसके रिश्तेदार एवं पडोसी कुल आठ लोग पार्टी करने कुड़िया नाला गए थे। वहीं पर दोपहर को लड़का-लड़की आ गए, जिनके साथ मारपीट करते हुए लडकी के साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के सभी आरोपियों को एसआईटी द्वारा गिरफ्तार कर विवेचना कार्रवाई की गयी। विवेचना उपरान्त अपराध के संबंध में प्रमुख साक्ष्य संकलित किए गए आरोपियों को कल न्यायालय में पेश किया गया जिसमें तीन आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में केन्द्रीय जेल रीवा में निरुद्ध हैं एवं पांच अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर अन्य साक्ष्य संकलन एवं विवेचना की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अभिरक्षा में लिए गए अभियुक्त में रामजी कोरी, रावेश कुमार गुप्ता दोनों निवासी गुढ़ तथा सुशील कोरी निवासी खुखड़ा त्योधरी रामपुर बघेलान सतना, गरुण कोरी निवासी जोरौट थाना नईगढ़ी जिला मऊगंज, लवकुश कोरी निवासी जोरौट थाना नईगढ़ी जिला मऊगंज शामिल हैं। वहीं, दीपक कोरी, राजेन्द्र कोरी और रजनीश कोरी तीनों निवासी गुढ़ को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटर साइकिल और दो नग मोबाइल फोन जब्त किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें