Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP ने यमुना नदी की सफाई को लेकर आप पर बोला हमला

October 27, 2024

BJP ने यमुना नदी की सफाई को लेकर आप पर बोला हमला

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यमुना नदी की सफाई को लेकर आम आदमी पार्टी और प्रदेश सरकार पर हमला बोला है और कहा है कि छठ पूजा नजदीक है और हमारी माताएं और बहनें यमुना जी में भगवान सूर्य की आराधना करने या अर्घ्य देने आएंगी, वो यमुना जी में कैसे डुबकी लगा पाएंगी। सचदेवा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स ’पर कहा, ‘‘दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने मेरे स्वास्थ्य की कामना की है। मैं उनका धन्यवाद देता हूँ, लेकिन मैं उनसे कहना चाहता हूँ कि मेरे लिए मेरे स्वास्थ्य से ज्यादा ज़रूरी है यमुना जी की सफाई।

छठ पूजा नजदीक है, और हमारी माताएँ-बहनें जो यमुना जी में भगवान सूर्य की आराधना करने या सूर्य को अर्ध्य देने जाएंगी, वे किस तरह से मां यमुना में डुबकी लगा पाएँगी? उन्होंने कहा , मेरी एक डुबकी ने बता दिया कि आप की भ्रष्ट सरकार ने माँ यमुना का क्या हाल कर रखा है। मैं अपनी दिल्ली की माताओं-बहनों और समस्त दिल्लीवासियों से कहना चाहता हूँ कि अब समय आ गया है जब हमें इस भ्रष्ट सरकार से मुक्ति लेनी होगी। केजरीवाल द्वारा प्रायोजित इस भ्रष्टतंत्र का अंत हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि सचदेवा ने गत बुधवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मौजूदा मुख्यमंत्री आतिशी तथा आप नेताओं को चुनौती देते हुए यमुना में डुबकी लगाई थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें