Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रधानमंत्री मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा उनका व्यक्तित्व हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा

October 31, 2024

प्रधानमंत्री मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा उनका व्यक्तित्व हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा

PM Modi Paid Tribute : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी सुबह राज्य के नर्मदा जिले में एकता नगर के पास सरदार पटेल को समर्पित दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा पर पहुंचे और भारत के लौह पुरुष को श्रद्धांजलि देने के लिए फूल चढ़ाए। देश में वर्ष 2014 में मोदी सरकार बनने के बाद से सरदार पटेल की जयंती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाई जाने लगी है।

इसके बाद वह निकटवर्ती स्थल के लिए रवाना हो गए, जहां उन्हें उपस्थित लोगों को एकता दिवस की शपथ दिलानी थी और राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का अवलोकन करना था, जिसमें 16 मार्चिंग टुकड़ियां शामिल थीं। इन टुकड़ियों में नौ राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश की पुलिस, चार केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल, एनसीसी और एक बैंड के लोग शामिल थे।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, “भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं। राष्ट्र की एकता और संप्रभुता उनके जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता थी। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व हमारे देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।”

प्रधानमंत्री मोदी बुधवार से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। पहले दिन उन्होंने 284 करोड़ रुपये की परियोजनाओं और नए पर्यटक आकर्षणों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। बुधवार शाम को उन्होंने भारत की 16 सिविल सेवाओं और भूटान की तीन सिविल सेवाओं के अधिकारी प्रशिक्षुओं को संबोधित किया, जो स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में 99वें कॉमन फाउंडेशन कोर्स का हिस्सा थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें