Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास लेगा ये दिग्गज ऑलराउंडर, जानिये कैसा रहा है करियर

November 8, 2024

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास लेगा ये दिग्गज ऑलराउंडर, जानिये कैसा रहा है करियर

Retire from ODI Cricket : अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नबी अगले साल पाकिस्तान में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी नसीब खान ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी के बाद नबी टी20 क्रिकेट में अफगानिस्तान के लिए खेलते रहेंगे।

नसीब खान ने खेलों से सम्बन्धित एक वेबसाइट को बताया, ‘हां, नबी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे से संन्यास ले रहे हैं और उन्होंने बोर्ड को अपनी इच्छा के बारे में पहले ही बता दिया था। उन्होंने कुछ महीने पहले ही मुझे बताया था कि वह चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे करियर खत्म करना चाहते हैं। हम उनके इस निर्णय का स्वागत करते हैं।’

उन्होंने आगे कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि वह अपना टी20 करियर बरकरार रखेंगे। 39 वर्षीय नबी अफगानिस्तान की वनडे टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने 2009 में स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने पहले वनडे में अर्धशतक बनाकर प्रभाव छोड़ा था। नबी ने अब तक 165 वनडे मैचों में 3,549 रन बनाए हैं और 171 विकेट भी लिए हैं।

हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में नबी ने शानदार 82 रन बनाए, जिससे उनकी टीम एक मजबूत स्कोर खड़ा कर पाई और फिर अल्लाह गज़नफर के छह विकेटों की मदद से उसे डिफेंड भी कर लिया।

सीनियर ऑलराउंडर नबी ने 2019 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। नबी ने अफगानिस्तान के लिए 3 टेस्ट मैच खेले हैं। इसके अलावा वह IPL के 24 मैचों में भी अपना जलवा दिखा चुके हैं। उन्होंने 143.33 के तेज स्ट्राइक रेट से 215 रन इस लीग में बनाए हैं और गेंदबाजी में भी 15 विकेट हासिल किए हैं। नबी ने कई मौकों पर अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को अपने अनुभव और हरफनमौला खेल से जीत दिलाई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें