
Accused of Cow Slaughter : उत्तर प्रदेश में झांसी रक्सा थाना क्षेत्र के डोंगरी इलाके में पुलिस ने गौकशी के फरार इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपीसिटी) ने बताया कि पुलिस और बदमाश रमेश बंजारा के बीच यह मुठभेड गुरूवार देर रात हुई। वर्ष 2022 में इसके खिलाफ रक्सा थाना क्षेत्र में गौकशी का मुकदमा दर्ज किया गया था और वह तभी से फरार चल रहा था। यह राजस्थान के कोटा का रहने वाला है जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार टीमें लगी हुई थीं और बाद में इस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ 82,83 की कार्रवाई करायी गयी थी और 82 CRPC की कार्रवाई कराते हुए इसके घर पर तामील कराया गया था। इसी कुर्की से बचने के लिए यह झांसी में अपने वकील से मिलने आया था। पुलिस और स्वाट टीम को इसकी जानकारी थी। टीम ने इसकी घेराबंदी की और खुद को पुलिस से घिरा पाकर बदमाश ने पुलिस पर गोली चलायी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, इसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि 2022 के मामले में इसके सात साथियों को पांच पांच साल की सजा भी हो चुकी है। इसी घटना में एक आरोपी अभी फरार है जबकि रमेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। बदमाश के पास से अवैध असलहा और मोटरसाइकिल बरामद की गयी है।