Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुख्यमंत्री पद के लिए महायुति के पास कोई निश्चित फॉर्मूला नहीं : Eknath Shinde

November 23, 2024

मुख्यमंत्री पद के लिए महायुति के पास कोई निश्चित फॉर्मूला नहीं : Eknath Shinde

Eknath Shinde : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन के भारी मतों के साथ जीत दर्ज किए जाने के आसार के बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि गठबंधन के पास ऐसा कोई निश्चित फॉमरूला नहीं है कि सबसे अधिक सीट जीतने वाली पार्टी के व्यक्ति को ही मुख्यमंत्री का पद मिलेगा। शिंदे ने कहा कि उनकी प्रमुख पहल ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना’ के कारण ही विधानसभा चुनाव के रुझान महायुति के पक्ष में हैं। महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीट पर हुए चुनाव के नतीजों में अब तक आए रुझानों से यह संकेत मिलता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का गठबंधन ‘महायुति’ राज्य में सत्ता बरकरार रखेगा।

शिंदे ने कहा, कि ‘मैं राज्य की सभी लाडकी बहिनों और भाइयों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने बड़ी संख्या में हमारे लिए मतदान किया। मतदान का रुझान हमारे काम का समर्थन है।’’ उन्होंने कहा, कि ‘समाज के हर वर्ग ने हमारे विकास के प्रयासों के कारण हमें वोट दिया है। जनता ने हमारे काम को देखा है और अपने मतों के माध्यम से इसका जवाब दिया है।’’ शिंदे ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार का दृष्टिकोण हमेशा से ही जन-समर्थक रहा है और यही कारण है कि वे भारी जीत दर्ज करने की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने विकास परियोजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता का भी उल्लेख किया।

राज्य के चुनाव परिणाम में मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना एक महत्वपूर्ण कारक बनी है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपए मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों में ‘लाडकी बहिन योजना’ का सबसे महत्वपूर्ण योगदान है। शिंदे ने कहा कि महायुति के पास ऐसा कोई निश्चित फॉमरूला नहीं है कि सबसे अधिक सीट जीतने वाली पार्टी के व्यक्ति को ही मुख्यमंत्री का पद मिलेगा। उन्होंने कहा, कि ‘फिलहाल कोई निश्चित फॉमरूला नहीं बना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा समेत तीनों दलों के वरिष्ठ नेता इस मामले पर चर्चा कर फैसला लेंगे।’’

इससे पहले दिन में भाजपा के विधायक प्रवीण दरेकर ने मांग की कि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री बनाया जाए। उन्होंने कहा कि गठबंधन की जिस पार्टी को सबसे अधिक सीट मिलेंगी उसे ही मुख्यमंत्री का पद मिलेगा। मुख्यमंत्री शिंदे ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया तथा भाजपा, शिवसेना एवं राकांपा के कार्यकर्ताओं को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी। शिंदे ने इस बात पर अनिश्चितता जताई कि क्या विपक्ष का कोई आधिकारिक नेता उभर पाएगा। उन्होंने कहा, कि ‘विपक्षी दलों ने हमें गाली देने में समय बर्बाद किया जबकि हम काम करते रहे।’’ शिंदे ने दोहराया कि लोगों ने उनके प्रशासन के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें