Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

इस सीजन में ट्रैक्टर की बिक्री में 8 से 10% की वृद्धि होने की उम्मीद: Escorts Kubota CFO

November 24, 2024

इस सीजन में ट्रैक्टर की बिक्री में 8 से 10% की वृद्धि होने की उम्मीद: Escorts Kubota CFO

Escorts Kubota CFO : कृषि एवं निर्माण उपकरण कंपनी एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड का मानना है कि सितंबर से नवंबर की त्योहारी सीजन की अवधि के दौरान उद्योग की ट्रैक्टर बिक्री में आठ से 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज होगी। कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) भरत मदान ने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि अच्छे मानसून की वजह से बाजार धारणा भी सुधरी है।

मदान ने बातचीत में कहा, ‘‘पहली छमाही ट्रैक्टर उद्योग के लिए नरम रही है, लेकिन दूसरी छमाही में इसके रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। दूसरी छमाही में ट्रैक्टर क्षेत्र की वृद्धि दो अंक में रहेगी। इससे पूरे साल में हम अच्छी एक अंकीय वृद्धि दर्ज कर सकेंगे।

मदान ने कहा, ‘‘यदि आप (त्योहारी) सीजन के महीनों को देखें, तो हमें उम्मीद है कि पिछले साल की तुलना में बिक्री में आठ से 10 प्रतिशत की वृद्धि होगी। सितंबर से नवंबर तक को आमतौर पर त्योहारी माह में गिना जाता है। उनसे पूछा गया था कि त्योहारी महीनों में ट्रैक्टर उद्योग का प्रदर्शन कैसा रहा है। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन के महीनों में उद्योग की कुल सालाना बिक्री का 45 से 50 प्रतिशत हासिल होता है।

मदान ने कहा, ‘‘त्योहारी महीनों के दौरान उद्योग की ट्रैक्टर बिक्री करीब 3,25,000 इकाई रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘इस बार, चूंकि सभी त्योहार अक्टूबर में आ रहे थे, इसलिए सितंबर नरम महीना था। अन्यथा, आमतौर पर, त्योहारी सीजन सितंबर से ही शुरू होता है। इस बार सभी त्योहार अक्टूबर में थे। ऐसे में अक्टूबर का महीना खुदरा और थोक बिक्री के लिए अच्छा रहा है। हालांकि, सितंबर में कारोबार सुस्त रहा है। हालांकि, तीसरी तिमाही पर इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें