
नई दिल्ली: केंद्र सरकार की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसैंटिव (पीएलआई) स्कीम के समर्थन के कारण देश में आईफोन का उत्पादन चालू वित्त वर्ष (वित्त वर्ष 2025) के पहले 7 महीने में बढ़कर 10 अरब डॉलर हो गया है। यह जानकारी केंद्रीय इलैक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा दी गई। जानकारी के मुताबिक एप्पल द्वारा इस साल अप्रैल से अक्तूबर के बीच किए गए 10 अरब डॉलर के उत्पादन में से करीब 7 अरब डॉलर के आईफोन का निर्यात किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में भारत में कुल 14 अरब डॉलर के आईफोन की मैन्युफैक्चरिंग हुई थी। इसमें से 10 अरब डॉलर से अधिक के आईफोन का निर्यात किया गया था। केंद्रीय इलैक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह स्मार्टफोन पीएलआई योजना के लिए 7 महीनों में एक और मील का पत्थर है।
मंत्री ने बताया कि इस दौरान एप्पल द्वारा कुल 10 अरब डॉलर के आईफोन का प्रोडक्शन किया गया है। इसमें से 7 अरब डॉलर का निर्यात किया गया है। आईफोन निर्यात को मिलाकर समीक्षा अवधि में भारत से कुल 10.6 अरब डॉलर के स्मार्टफोन का निर्यात हुआ है। केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा कि एप्पल इकोसिस्टम ने पिछले चार वर्षों में 1,75,000 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। इसमें 72 प्रतिशत से अधिक रोजगार महिलाओं को मिला है। इंडस्ट्री डाटा के मुताबिक, कैलिफोर्निया स्थित टैक दिग्गज ने चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में भारत से 60,000 करोड़ रुपए के आईफोन का निर्यात किया है। अप्रैल-अक्तूबर की अवधि में कंपनी ने हर महीने लगभग 8,450 करोड़ रुपए (लगभग 1 अरब डॉलर) के आईफोन का निर्यात किया है। आईफोन की बढ़ती मांग के कारण वित्त वर्ष 24 में एप्पल की आय सालाना आधार पर 36 प्रतिशत बढ़कर 66,700 करोड़ रुपए रही है। इस दौरान कंपनी ने 2,746 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया था।
ये भी पढ़ें: Pradosh Vrat 2026 Date: आज है भौम प्रदोष व्रत… जानिए सही पूजा विधि और मुहूर्त
मेष: दिन शुभ रहेगा...