जम्मू। कटड़ा में मौजूदा हालात का जायजा लेने के लिए बुधवार को कांग्रेस पार्टी का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल कटड़ा जा रहा था लेकिन पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को बन टोल प्लाजा के निकट ही रोक दिया व कटड़ा जाने की अनुमति नहीं दी गई। कांग्रेस नेताओं के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला, मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा, चौधरी लाल सिंह, डा. मनोहर लाल शर्मा व अन्य भी शामिल थे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आगे जाने से रोका गया जिसके चलते कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोक-झोंक हो गई। कांग्रेस ने पुलिस की इस कार्रवाई को गल्त करार दिया है और इसे मौजूदा सरकार द्वारा लोकतंत्र की हत्या करना बताया है।
कटरा रोपवे परियोजना के विरोध में दो श्रमिक संघ नेता गिरफ्तार
वहीं अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को कटरा में व्यापारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प के बाद एक कांग्रेस नेता सहित दो श्रमिक संघ नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार कटरा शहर से वैष्णो देवी मंदिर तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना को लेकर सोमवार को कटरा में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पोनी एवं पिट्टू यूनियन के नेता भूपिंदर सिंह जम्वाल तथा एक अन्य श्रमिक यूनियन नेता सोहन चंद को गिरफ्तार किया है। जम्वाल भी कांग्रेस नेता हैं, जिन्होंने हाल ही में वैष्णो देवी निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन असफल रहे थे। दुकानदारों और मजदूरों को आशंका है कि रोपवे लाइन के कारण बाजार में लोगों की संख्या कम हो जाएगी और परिणामस्वरूप उनका कारोबार प्रभावित होगा। पुलिस ने इलाके के स्टेशन हाउस ऑफिसर सहित कई प्रदर्शनकारियों पर पथराव और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज किया है।