Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी

November 30, 2024

कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी

श्रीनगर : कश्मीर में अधिकतर जगहों पर रात का तापमान शून्य से ऊपर होने के बावजूद घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में पर्यटन शहरों सहित कई स्थानों पर शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई।
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण कश्मीर में ऊंचाई वाले कई स्थानों पर ताजा बर्फबारी हुई।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। गुलमर्ग और सोनमर्ग सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर भी बर्फबारी हुई।
अधिकारियों के मुताबिक, गुरेज, जोजिला अक्ष और कुछ अन्य ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी की खबर है। उन्होंने बताया कि जोजिला अक्ष पर बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग अवरुद्ध हो गया।

अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की है संभावना
मौसम कार्यालय ने कहा कि शनिवार को घाटी में बादल छाए रहने और ऊंचाई वाले इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है।
कार्यालय के अनुसार, रविवार को कश्मीर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और ऊंचाई वाले इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है।
कार्यालय के मुताबिक, दो दिसंबर से दो दिनों तक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
मौसम कार्यालय ने कहा कि चार से सात दिसंबर के दौरान मौसम आम तौर पर शुष्क रह सकता है, जिसके बाद आठ दिसंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी संभव है।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि पूरे कश्मीर में बादल छाए रहने के कारण रात का तापमान बढ़ गया और अधिकतर स्थानों पर पारा शून्य से ऊपर है।

काजीगुंड शहर में तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज
उन्होंने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से एक डिग्री नीचे चला गया था।
अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण कश्मीर में घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड शहर में तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा।
अधिकारियों के मुताबिक, गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुपवाड़ा में यह शून्य से 3.4 डिग्री नीचे रहा। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें