Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

दर्दनाक हादसा : मिट्टी के टीले में दबकर चार बच्चियों की मौत, एक घायल

December 1, 2024

दर्दनाक हादसा : मिट्टी के टीले में दबकर चार बच्चियों की मौत, एक घायल

Mound of Soil : बिहार में बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह मिट्टी के टीले में दबकर दो सगी बहन समेत चार बच्चियों की मौत हो गयी तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सरेंजा गांव स्थित राजकीय बुनियादी स्कूल के समीप पांच बच्चियां मिट्टी के चूल्हे और घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी खोदने गई थीं। इस दौरान मिट्टी का पुराना टीला अचानक भरभरा कर गिर गया और सभी बच्चियां उसके नीचे दब गयीं। आसपास मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी बच्चियों को बाहर निकाला। घायल बच्चियों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने चार बच्चियों को मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान सरेंजा गांव निवासी श्याम नारायण की पुत्री नयनतारा कुमारी (11) और शालिनी कुमारी (08) , रमेश राम की पुत्री शिवानी कुमारी (06) तथा टिंकू राम की पुत्री संजू कुमारी (11) के रूप में की गयी है। इस घटना में रामचंद्र की पुत्री करिश्मा घायल हो गयी है, जिसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें