Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

कार्रवाई की उम्मीद में कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया लेकिन मुझ पर ही हमला करा दिया गया: केजरीवाल

December 2, 2024

कार्रवाई की उम्मीद में कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया लेकिन मुझ पर ही हमला करा दिया गया: केजरीवाल

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यहां कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर कथित निष्क्रियता के लिए भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार पर रविवार को निशाना साधते हुए दावा किया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय 30 नवंबर को मालवीय नगर में उनकी पदयात्र के दौरान उन पर हमला कराया गया। भाजपा ने अब तक आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, मुझ पर फैंका गया तरल पदार्थ हानि रहित था, लेकिन यह खतरनाक हो सकता था।

पिछले 35 दिन में मुझ पर हुआ यह तीसरा हमला है। पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर यह संदेश देने का भी आरोप लगाया कि अपराधियों के बजाय शिकायतकर्ताओं को ही गिरफ्तारी का सामना करना पड़ेगा। केजरीवाल ने ‘आप’ विधायक नरेश बाल्यान की गिरफ्तारी की भी आलोचना की, जिन्होंने पहले गैंगस्टरों द्वारा जबरन वसूली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। ‘आप’ प्रमुख ने कहा, अपराधियों को गिरफ्तार करने के बजाय वे हमारे विधायकों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए असली अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।

दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना से इंकार अरविंद केजरीवाल ने फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावना से रविवार को इंकार किया। उन्होंने कहा, दिल्ली में कोई गठबंधन नहीं होगा। ‘आप’ और कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा हैं। दोनों दलों ने इस साल की शुरुआत में दिल्ली में लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ा था, लेकिन किसी भी सीट पर गठबंधन को जीत नहीं मिली थी और सभी 7 सीटें भाजपा ने जीती थी। अक्तूबर में हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले ‘आप’ और कांग्रेस के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें