Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

रोहतांग दर्रा से सटे डिंफुक और कोकसर में जिंदगी होने लगी जाम

December 3, 2024

रोहतांग दर्रा से सटे डिंफुक और कोकसर में जिंदगी होने लगी जाम

शिमला: समुद्रतल से 13,050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा से सटे डिंफुक और कोकसर में जिंदगी जाम होने लगी है। रात को डिंफुक का न्यूनतम तापमान शून्य से 21 डिग्री नीचे और कोकसर में शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क रहा है। रोहतांग दर्रा में पिछले दिनों हुई ताजा बर्फबारी के बाद तापमान लगातार गिरता जा रहा है। इस कारण घाटी के नालों और नलों का पानी जमना शुरू हो गया है। कोकसर में सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सैलानी नालों में जमी बर्फ को देखने के लिए पहुंच रहे हैं। साथ ही रोहतांग दर्रा व घाटी की ऊंची चोटियों में बर्फ की सफेदी का लुत्फ उठा रहे हैं। पर्यटन कारोबारियों के साथ सैलानियों को बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूवार्नुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के लाहौल-स्पीति, चंबा, किन्नौर, कांगड़ा व कुल्लू जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में आगामी सात दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। 4 दिसंबर से सभी भागों में मौसम साफ रहने की संभावना है। उधर, मनाली-लेह नेशनल हाईवे-03 पर दारचा-सरचू के बीच हुई ताजा बर्फबारी और सड़क पर ब्लैक आइस जमने के कारण इस मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। लाहौल को स्पीति से जोड़ने वाली कोकसर-लोसर सड़क को भी यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। हालांकि, दारचा-शिंकुला सड़क में वाहनों की आवाजाही का समय दोनों ओर से सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 1 बजे के बीच निर्धारित किया गया है। इस दौरान सभी वाहन चालकों को दारचा में पुलिस चेक पोस्ट में अपना नाम और पता दर्ज करना होगा, जिससे आपात स्थिति में पुलिस टीम उनकी सुरक्षा के लिए समय पर मदद को पहुंच सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें