Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

TB से लड़ने में भारत की ग्लोबल नेतृत्व क्षमता मजबूत हुई: PM मोदी

December 7, 2024

TB से लड़ने में भारत की ग्लोबल नेतृत्व क्षमता मजबूत हुई: PM मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बताया कि निक्षय मित्र और कम समय में प्रभावी उपचार जैसी पहलों से टीबी के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है। मरीजों के ठीक होने की दर में सुधार हुआ है और टीबी से लड़ने में भारत की वैश्विक नेतृत्व क्षमता मजबूत हुई है। पीएम नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण जेपी नड्डा की ओर से एक्स पर की गई पोस्ट का जवाब देते हुए एक पोस्ट की। मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने विस्तार से बताया कि कैसे भारत के टीबी उन्मूलन प्रयासों में निक्षय पोषण योजना के माध्यम से पोषण संबंधी सहायता से परिवर्तनकारी प्रगति देखी गई है। निक्षय मित्र और कम समय में प्रभावी उपचार जैसी पहलों ने टीबी के मामलों में उल्लेखनीय कमी लाई है, मरीजों के ठीक होने की दर में सुधार हुआ है और टीबी से लड़ने में भारत की वैश्विक (ग्लोबल) नेतृत्व क्षमता को मजबूत किया है।‘

नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लेख को पोस्ट करते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत टीबी के खिलाफ लड़ाई में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। भारत में टीबी की रोकथाम के लिए कई पहल की जा रही हैं। इनमें उच्च-भार वाले जिलों में 100-दिवसीय अभियान, निक्षय पोषण योजना के माध्यम से पोषण सहायता में वृद्धि, लागत प्रभावी निदान उपकरण जैसी पहल देश के प्रयासों को गति दे रही हैं। इन कदमों से उपचार कवरेज में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और टीबी के मामलों में कमी आई है। जनभागीदारी पर जोर ने समुदायों को एकजुट किया है, जिससे समय पर निदान और उपचार सुनिश्चित हुआ है। भारत का अभिनव दृष्टिकोण वैश्विक मानक स्थापित कर रहा है और देश को टीबी मुक्त भारत के करीब ले जा रहा है।‘

बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा आज हरियाणा के दौरे पर हैं। उन्होंने पंचकूला में टीबी मुक्त भारत अभियान (100 दिन का अभियान) का शुभारंभ किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें