Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

2025 में अफगानिस्तान के मुख्य कोच बने रहेंगे ट्रॉट

December 10, 2024

2025 में अफगानिस्तान के मुख्य कोच बने रहेंगे ट्रॉट

Afghanistan Head Coach : अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) द्वारा एक साल तक कार्यकाल बढ़ाए जाने के चलते जोनाथन ट्रॉट 2025 के अंत तक अफ़ग़ानिस्तान के मुख्य कोच बने रहेंगे। उनका अगला दौरा ज़म्बिाब्वे का होगा लेकिन निजी कारणों के चलते वह सिर्फ वनडे प्रारूप के लिए ही उपलब्ध रह पाएंगे। उनकी अनुपस्थिति में हामिद हसन मुख्य कोच और नवरोज़ मंगल सहायक कोच की भूमिका में दिखेंगे।

ACB ने 2024 में टीम की सफलता को देखते हुए ट्रॉट का कार्यकाल बढ़ाया है। इस साल अफ़ग़ानिस्तान ने ग्रुप और सुपर 8 स्टेज में न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को मात देते हुए T20 वल्र्ड कप के सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने शारजाह में दक्षिण अफ़्रीका और बांग्लादेश दोनों को ही वनडे सीरीज़ में पटखनी भी दी है। जबकि पिछले वर्ष अफ़ग़ानिस्तान ने वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका जैसी टीमों को शिकस्त दी थी।

अफ़ग़ानिस्तान अगले साल होने वाली चैंपियंस ट्रॉफ़ी में पहली बार हिस्सा लेगा। वनडे वर्ल्ड कप की अंक तालिका में शीर्ष आठ में रहने के कारण उन्हें इस टूर्नामेंट में प्रवेश मिला।

ट्रॉट का कार्यकाल जुलाई 2022 में चालू हुआ था और जनवरी 2024 में उनका 18 महीने का अनुबंध बढ़ा दिया गया था। ट्रॉट की नियुक्ति के बाद अफ़ग़ानिस्तान ने 34 में से 14 वनडे जीते हैं जबकि 44 में से 20 T20 में उन्हें जीत मिली है।

अफ़ग़ानिस्तान के साथ जुड़ाव ट्रॉट के ख़ुद के पेशेवर जीवन में मुख्य कोच के रूप में पहला कार्यकाल है। इससे पहले वह 2021 T20 वल्र्ड कप में स्कॉटलैंड के सलाहकार थे। बतौर खिलाड़ी उन्होंने 52 टेस्ट में 44.08 की औसत से 3835 रन बनाए थे। जबकि 2010-11 में उन्होंने इंग्लैंड की एशेज जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वनडे क्रिकेट में ट्रॉट ने 51.25 की औसत, चार शतक और 22 अर्धशतक के साथ 2819 रन बनाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें