Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मणिपुर के इंफाल में अफस्पा, महिलाओं और बच्चों की हत्या के खिलाफ रैली निकाली गई

December 10, 2024

मणिपुर के इंफाल में अफस्पा, महिलाओं और बच्चों की हत्या के खिलाफ रैली निकाली गई

इंफाल : मणिपुर की राजधानी इंफाल में मंगलवार को सैकड़ों लोगों ने फिर अफस्पा लगाने तथा पिछले महीने संदिग्ध कुकी उग्रवादियों द्वारा जिरीबाम जिले में तीन बच्चों समेत छह लोगों की कर दी गयी हत्या के विरोध में रैली निकाली।
यह रैली इंफाल पश्चिम जिले के थाऊ मैदान क्षेत्र से शुरू हुई और लगभग पांच किलोमीटर की दूरी तय कर खुमान लम्पक स्टेडियम पर समाप्त हुई।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां पकड़ रखी थीं तथा ‘मणिपुर को नष्ट मत करो’ एवं ‘मणिपुर बचाओ’ जैसे नारे लगाते हुए सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम (अफस्पा) को हटाने की मांग की।
मानवाधिकार दिवस के अवसर पर कई संगठनों ने संयुक्त रूप से इस रैली का आयोजन किया। ये संगठन ‘ऑल मणिपुर यूनाइटेड क्लब्स ऑर्गेनाइजेशन’, ‘पोइरेई लीमारोल मीरा पैबी अपुनबा मणिपुर’, ‘ऑल मणिपुर वूमेन वोलंटरी एसोसिएशन’, ‘कमिटी फोर ‘मून राइट्स’ और ‘मणिपुर स्टूडेंट फेडरेशन’ थे।

उग्रवाद से लड़ने के नाम पर नागरिकों की हत्या करने का एक हथियार है : निरुपमा
महिला प्रदर्शनकारी एस निरुपमा ने कहा, ‘‘मानवाधिकार दिवस के अवसर पर, हम दृढ़ता के साथ कहना चाहते हैं कि मणिपुर के लोग राज्य में अफस्पा के दोबारा लागू होने के साथ-साथ कुकी-जो उग्रवादियों द्वारा निदरेष महिलाओं और बच्चों की की गयी हत्याओं के खिलाफ मजबूती से खड़े हैं। इंफाल घाटी और नगा क्षेत्रों को अफस्पा से बहुत नुकसान उठाना पड़ा है, क्योंकि यह उग्रवाद से लड़ने के नाम पर नागरिकों की हत्या करने का एक हथियार है।’’
पुलिस ने कहा कि रैली के मद्देनजर राज्य की राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और रैली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
केंद्र ने हाल में हिंसा प्रभावित जिरीबाम सहित मणिपुर के छह थाना क्षेत्रों में अफस्पा फिर लगा दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें