Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत और नेपाल के सेनाध्यक्षों की मुलाकात, क्षेत्रीय सुरक्षा पर हुई बात

December 12, 2024

भारत और नेपाल के सेनाध्यक्षों की मुलाकात, क्षेत्रीय सुरक्षा पर हुई बात

भारत आए नेपाली सेना के सेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल अशोक राज सिगडेल ने बुधवार को नई दिल्ली में भारतीय सेना के सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी के साथ गहन बातचीत की। इस बातचीत के दौरान दोनों सेनाध्यक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। नेपाली सेना के सेनाध्यक्ष ने एनएसए अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल अनिल चौहान, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री से भी मुलाकात की।

इन बैठकों ने व्यापक रक्षा और सुरक्षा मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान, आपसी हितों के मामलों पर ध्यान केंद्रित करने और दोस्ती को और मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। नेपाली सेना के सीओएएस ने भारतीय रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत की और आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना की। जनरल अशोक राज सिगडेल, भारत की अपनी आधिकारिक यात्रा पर हैं।

11 से 14 दिसंबर तक चलने वाली यह यात्रा नेपाल और भारत के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत व गहरा करने के लिए चल रहे प्रयासों को रेखांकित करती है। जनरल अशोक राज सिगडेल की भारत यात्रा की शुरुआत नई दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि के साथ हुई। जनरल सिगडेल ने देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुष्पांजलि के बाद जनरल सिगडेल को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद भारतीय सेना के चीफ जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने साउथ ब्लॉक में जनरल सिगडेल का स्वागत किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें