Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

ब्रिटेन की 2024 दक्षिण एशियाई सैलिब्रिटी सूची में शीर्ष पर दिलजीत दोसांझ

December 12, 2024

ब्रिटेन की 2024 दक्षिण एशियाई सैलिब्रिटी सूची में शीर्ष पर दिलजीत दोसांझ

Diljit Dosanjh : प्रसिद्ध गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ बुधवार को लंदन में प्रदर्शित ‘2024 की विश्व की शीर्ष 50 एशियाई हस्तियों’ की ब्रिटिश सूची में शीर्ष पर रहे। पिछले साल इस सूची में अभिनेता शाहरुख खान शीर्ष पर रहे थे। पंजाबी गायक एवं अभिनेता दोसांझ ने ब्रिटेन के साप्ताहिक समाचार पत्र ‘ईस्टर्न आई’ द्वारा प्रकाशित सूची के 2024 संस्करण में सिनेमा, टैलीविजन, संगीत, कला और साहित्य की दुनिया की अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभाओं को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

दोसांझ ने फिल्मों के लिए कई सफल गीत गाए हैं और प्रमुख राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संगीत समारोहों के जरिए उनकी लोकप्रियता और बढ़ी है। ‘ईस्टर्न आई’ के संपादक (मनोरंजन) असजाद नजीर ने कहा, ‘गायन के क्षेत्र के इस सुपरस्टार का अति सफल ‘दिल-लुमिनाती’ कार्यक्रम इतिहास में किसी भी दक्षिण एशियाई सैलिब्रिटी द्वारा किया गया दुनिया का सबसे सफल ‘टूर’ है।’

उन्होंने कहा, ‘‘द टुनाइट शो स्टारिंग जिमी फॉलन’ में उनके ऐतिहासिक प्रदर्शन ने भारतीय संगीत के लिए नई जमीन तैयार की। भारतीय मूल की पॉप सुपरस्टार चार्ली एक्ससीएक्स दूसरे स्थान पर रहीं। सूची में तीसरे स्थान पर अभिनेता अल्लू अजरुन रहे जिन्होंने वर्ष की सबसे सफल भारतीय फिल्म ‘पुष्पा: द रूल’ के जरिए बॉक्स-ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़ दिए और अपने देश में सिनेमा के परिदृश्य को बदल दिया।

अभिनेता एवं फिल्मकार देव पटेल चौथे स्थान पर रहे जिन्होंने हिट फिल्म ‘मंकी मैन’ में उल्लेखनीय लेखन, निर्देशन, निर्माण और अभिनय करके हॉलीवुड के एक शक्तिशाली कलाकार के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास 5वें, तमिल फिल्मों के अभिनेता विजय छठे और गायक अभिजीत सिंह 7वें स्थान पर रहे। ऑस्ट्रेलियाई अभिनेत्री गेराल्डिन विश्वनाथन, पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर और ब्रिटिश अभिनेत्री सिमोन ऐ इस वर्ष की शीर्ष 10 हस्तियों में शामिल हैं।

सबसे अधिक उम्र के कलाकार अमिताभ बच्चन
26वें स्थान पर सूची में शामिल सबसे अधिक उम्र के कलाकार 82 वर्षीय अमिताभ बच्चन (26वां स्थान) हैं और सबसे युवा कलाकार 17 वर्षीय अभिनेत्री नितांशी गोयल (42वां स्थान) हैं, जिन्हें भारत की आधिकारिक ऑस्कर प्रविष्टि ‘लापता लेडीज’ में उनके प्रभावशाली अभिनय के लिए सूची में शामिल किया गया है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें