Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

महिलाओं को 2100 रुपए दूंगा… मैं अकाउंट का जादूगर हूं, केजरीवाल का बड़ा ऐलान 

December 12, 2024

महिलाओं को 2100 रुपए दूंगा… मैं अकाउंट का जादूगर हूं, केजरीवाल का बड़ा ऐलान 

Delhi Assembly Election ; नई दिल्ली : दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। वहीं आज दिल्ली कैबिनेट ने महिला सम्मान योजना को पास कर दिया है। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसका ऐलान दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने किया है। इसके साथ ही केजरीवाल ने यह भी कहा कि चुनाव जितने के बाद इस योजना की राशि को बढ़ा दिया जाएगा। जिसके बाद महिलाओं को 2100 रुपए मिलेंगे।

महिला सम्मान निधि योजना का उद्देश्य:

केजरीवाल ने कहा कि यह योजना दिल्ली की सभी महिलाओं के लिए है, और इसके तहत हर महिला के बैंक अकाउंट में हर महीने हजार रुपये डाले जाएंगे। उन्होंने इस योजना को लागू करने का वादा किया और कहा कि इस पर दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने आज अपनी बैठक में मंजूरी दे दी है। वहीं चुनाव के बाद महिलाओं को इस योजना के तहत 2100 रुपये मिलेंगे ।

कैसे मिलेगा फायदा ?

केजरीवाल ने बताया कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। जो महिलाएं इस योजना में रजिस्टर करेंगी, उनके अकाउंट में हर महीने हजार रुपये डाले जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि महिलाएं अपने परिवार को संभालती हैं, बच्चों को अच्छे संस्कार देती हैं और उनका पालन-पोषण करती हैं। इस योजना के जरिए दिल्ली सरकार थोड़ा सा उनका मदद करने की कोशिश कर रही है।

जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता रहते

केजरीवाल ने कहा कि इस योजना से दिल्ली सरकार का खर्चा नहीं बढ़ेगा, बल्कि सरकार की बरकत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू धर्म में यह कहा जाता है कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता रहते हैं। इस योजना के जरिए वह दिल्ली की महिलाओं के सम्मान में कुछ योगदान देने की कोशिश कर रहे हैं।

“अकाउंट का जादूगर हूं मैं”

आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि कुछ लोग यह कह रहे थे कि यह योजना लागू नहीं हो सकती। लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि “केजरीवाल जो ठान लेता है, वह करके रहता है”। उनका कहना था कि जब वह कुछ कहते हैं, तो उसे किसी भी ताकत से रोका नहीं जा सकता। उन्होंने बीजेपी के नेताओं का मजाक उड़ाते हुए कहा कि वे कहते हैं, “पैसे कहां से आएंगे?” इस पर केजरीवाल ने कहा कि वह “अकाउंट का जादूगर” हैं और उन्हें पता है कि पैसे कहां से लाने हैं, कहां से बचाने हैं और कहां खर्च करने हैं। उन्होंने बीजेपी को जवाब देते हुए कहा, “तुम चिंता मत करो, मैंने जो कहा है, वह करके दिखाऊंगा”।

दिल्ली सरकार का संकल्प

आप नेता ने कहा कि इस योजना के जरिए दिल्ली सरकार महिलाओं के अधिकारों को बढ़ावा देना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के दो करोड़ लोग मिलकर किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं। उनका विश्वास है कि यह योजना दिल्ली की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

अरविंद केजरीवाल का यह ऐलान दिल्ली की महिलाओं के लिए एक सशक्त कदम हो सकता है। इस योजना के माध्यम से दिल्ली सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने की कोशिश कर रही है, ताकि वे अपने परिवार की देखभाल कर सकें और साथ ही अपने जीवन की गुणवत्ता में सुधार कर सकें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें