Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM मोदी के कार्यकाल में बुनियादी सुविधाओं का हो रहा विकास, आर्थिक प्रगति के खुले द्वार : पंकज चौधरी

December 13, 2024

PM मोदी के कार्यकाल में बुनियादी सुविधाओं का हो रहा विकास, आर्थिक प्रगति के खुले द्वार : पंकज चौधरी

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को जानकारी साझा करते हुए कहा कि बीते 10 वर्षों में केंद्र सरकार ने सड़क से लेकर हवाई यातायात नेटवर्क का बड़े पैमाने पर विस्तार किया है। जिससे लोगों का सफर करना सुगम और सुविधाजनक हो गया है। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई नेटवर्क की मजबूती से देश में न केवल आर्थिक विकास की रफ्तार में तेजी आई है बल्कि स्थानीय स्तर पर भी बुनियादी सुविधाएं बेहतर हुई हैं और इसका सीधा लाभ आम लोगों को मिल रहा है। मोदी सरकार के दस साल के कार्यकाल में यातायात बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। जिससे आर्थिक प्रगति के भी द्वार खुले हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में 1.6 गुना वृद्धि हुई है। 2014 में 91,287 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग थे जो नवंबर 2024 तक बढ़कर 1,46,195 किमी हो गए हैं।

भारतमाला परियोजना के तहत प्रथम चरण में 34,800 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कराया जाना है। इसमें से 18,714 किमी का काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही नेशनल हाई-स्पीड कॉरिडोर (एचएससी) की लंबाई 2014 में 93 किमी थी जो 2024 में बढ़कर 2,474 किमी हो गई है। 2014 में चार या अधिक लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 18,300 किमी थे, जो अब बढ़कर करीब 45,900 किमी हो गए हैं।

एनडीए सरकार में इसमें ढाई गुना की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। निर्बाध माल ढुलाई और किफायती परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 35 स्थानों की पहचान की गई है, जिसमें छह मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक पार्क (एमएमएलपी) परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। तीन अन्य के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।

चौधरी ने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भारत को विमानन क्षेत्र में एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभरने, आम लोगों को जोड़ने और विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया है। देश में चालू हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है। 2014 में 74 हवाई अड्डों से उड़ानें संचालित होती थीं जबकि 2024 में देश के 158 हवाई अड्डों से हवाई सेवाएं संचालित हो रही हैं। उड़ान योजना के तहत 613 मार्गों पर सफलतापूर्वक हवाई सेवाएं शुरू की गई हैं। 87 हवाई अड्डों को जोड़ा गया है और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया गया है। डिजीयात्र पहल के तहत संपर्क रहित और निर्बाध यात्रा एक वास्तविकता बन गई है, जिसमें 24 हवाई अड्डों पर चेहरे की पहचान प्रौद्योगिकी (एफआरटी) लागू की गई है। भारत वैश्विक स्तर पर तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बनकर उभरा है।

वित्त राज्यमंत्री ने रेलवे की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रेल मंत्रालय ने विद्युतीकरण, आधुनिक बुनियादी ढांचे और बेहतर यात्री सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए बड़े पैमाने पर बदलाव किया है। उन्होंने बताया कि 97 रेल मार्गों का विद्युतीकरण किया गया है, जिससे स्थिरता और दक्षता को बढ़ावा मिला है। अमृत भारत योजना के तहत देश भर में 1,337 स्टेशनों का विश्व स्तरीय मानकों के अनुसार पुनर्वकिास किया जा रहा है। यह पूरे विश्व में अपने आप में अनूठा रेलवे स्टेशन पुर्नविकास कार्यक्रम है।

68 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों, दो अमृत भारत ट्रेनों और एक नमो भारत रैपिड रेल की शुरुआत ने रेल यातायात में क्रांति ला दी है, जिससे रफ्तार के साथ- साथ यात्रियों की सुविधा में भी वृद्धि हुई है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर परियोजना का 96 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (ईडीएफसी) का काम पूर्ण हो चुका है जबकि वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डब्ल्यूडीएफसी) का काम अंतिम चरण में है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें