CM N. Biren Singh ने की प्रवासी मजदूरों की हत्या की निंदा, 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान
December 16, 2024
CM N. Biren Singh : मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने
काकचिंग जिले में बिहार के दो प्रवासी मजदूरों की हत्या किए जाने की घटना की कड़ी निंदा की और मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की हैं। उन्होंने कहा कि दोनों प्रवासी मजदूरों के हत्यारों की पहचान करने, उन्हें पकड़ने और उन पर मुकदमा चलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बीरेन सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, कि ‘मैं मणिपुर के काकचिंग जिले में बिहार के युवा भाइयों, सुनालाल कुमार (18) और दशरथ कुमार (17) की हत्या किए जाने की कड़ी निंदा करता हूं। आतंकवाद का यह कृत्य हमारे मूल्यों पर सीधा हमला है। मेरी गहरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।’’ सिंह ने कहा, कि ‘इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर हम इस आशंका को नजरअंदाज नहीं कर सकते कि यह भयानक अपराध हमारे राज्य को अस्थिर करने और अराजकता की ओर धकेलने की एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। हमें इन विनाशकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट होना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे भय और असुरक्षा पैदा करने में कामयाब न हों।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, कि ‘प्रत्येक शोक संतप्त परिवार को 10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। हत्यारों की पहचान करने, उन्हें पकड़ने और उन पर मुकदमा चलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अगर जरूरत हुई तो निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए मामला राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंपा जाएगा।’’
मणिपुर के काकचिंग जिले में शनिवार शाम को बिहार के दो प्रवासी श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना काकचिंग-वाबागई रोड पर केराक में पंचायत कार्यालय के पास शाम पांच बजकर 20 मिनट की है। पुलिस ने कहा कि हत्यारों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। दोनों प्रवासी मजदूर बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले थे और काकचिंग में किराए के मकान में रहते थे।