Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रदेश के सभी जिलों में अनुसूचित जाति की बालिकाओं के लिए बनेंगे छात्रवास : मंत्री जनक राम

December 18, 2024

प्रदेश के सभी जिलों में अनुसूचित जाति की बालिकाओं के लिए बनेंगे छात्रवास : मंत्री जनक राम

Hostels for Girls : बिहार के अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री जनक राम ने कहा है कि अनुसूचित जाति – जनजाति की बालिकाओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में सावित्रीबाई फुले बालिका छात्रवास का निर्माण कराया जाएगा।

निशुल्क उपलब्ध होंगी सुविधाएं-
मंत्री जनक राम ने औरंगाबाद में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि 100 सीटों वाले इन छात्रवासों का निर्माण अगले वित्त वर्ष में शुरू करने की योजना है और इसे शीघ्र पूरा करा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी सुविधाओं से युक्त इस बालिका छात्रवास में इंटर से लेकर स्नात्तकोत्तर तक पढ़ने वाली छात्रओं के लिए आवासन भोजन स्वास्थ्य से लेकर सभी तरह की सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध होंगी ।

243 आवासीय विद्यालय बनाए जाने की योजना-
मंत्री ने बताया कि फिलहाल अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग 116 छात्रवासो का संचालन कर रहा है जिससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि पूरे बिहार में 243 अनुसूचित जाति जनजाति आवासीय विद्यालय बनाए जाने की योजना है। इस पर शीघ्र ही बिहार सरकार निर्णय लेने वाली है। पहले से बिहार में 91 ऐसे विद्यालय संचालित हो रहे हैं।

वर्क शेड बनाने का चल रहा है काम-
मंत्री ने बताया कि 29.66 लाख रुपए की लागत से अनुसूचित जाति-जनजाति टोलों में वर्क शेड बनाने का काम चल रहा है। औरंगाबाद जिले में भी 12 ऐसे वर्क शेड स्वीकृत है जिनमें से छह बन गए हैं तथा 6 का निर्माण चल रहा है।

अंबेडकर कल्याण विद्यालय का चल रहा निर्माण कार्य-
मंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति – जनजाति के छात्रों के लिए प्रदेश के चुने हुए जिलों में अंबेडकर कल्याण विद्यालय का भी निर्माण कराया जा रहा है जिनमें प्रत्येक में 720 छात्रों के नामांकन और उनके आवासन की व्यवस्था होगी। औरंगाबाद में करीब 50 करोड़ की लागत से अंबेडकर कल्याण विद्यालय अगले 1 महीने के भीतर बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें