Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

NIA ने एके-47 राइफल के पुर्जे बरामद होने के मामले में बिहार में छापे मारे

December 18, 2024

NIA ने एके-47 राइफल के पुर्जे बरामद होने के मामले में बिहार में छापे मारे

मुजफ्फरपुर : राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने अवैध रूप से खरीदी गई AK-47 राइफल के ‘बट’ और ‘स्कोप’ की बरामदगी की जांच के सिलसिले में बुधवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कई स्थानों पर तलाशी ली। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। मुजफ्फरपुर के पुलिस उपाधीक्षक ए सी ज्ञनी ने बताया कि संघीय एजेंसी के अधिकारियों ने सुबह पांच बजे छापेमारी शुरू की। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी इलाके के मिठनपुरा में देवमणि राय नामक व्यक्ति के परिसरों की तलाशी ले रहे हैं। यह तलाशी उनके पास से अवैध रूप से खरीदी गई एके-47 राइफल के ‘बट’ और ‘स्कोप’ की बरामदगी की जांच के सिलसिले में की जा रही है।’’ पुलिस उपाधीक्षक ने कहा, ‘‘ऐसी सूचनाएं हैं कि अधिकारियों ने उसके परिसर से बेहिसाब नकदी भी बरामद की है और नोट गिनने वाली एक मशीन भी लाई गई है।’’ बिहार पुलिस ने इस साल मई में मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन से विकास कुमार और सत्यम कुमार को गिरफ्तार कर हथियार तस्करों के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था और अवैध रूप से खरीदी गई एके-47 राइफल के ‘बट’ और ‘स्कोप’ बरामद किए थे। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि विकास ने गोपालगंज निवासी हथियार तस्कर अहमद अंसारी से राइफल खरीदी थी। बिहार पुलिस ने बताया था कि तीन दिन बाद अंसारी को नगालैंड के दीमापुर से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से एक मोबाइल फोन तथा दो वॉकी-टॉकी बरामद किए गए। एनआईए ने जांच अपने हाथ में ली और पांच अगस्त को मामला दर्ज किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें