Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुंबई नाव हादसे में 13 लोगों की मौत, 101 को बचाया गया, नौसेना ने बताया कैसे हुआ हादसा

December 19, 2024

मुंबई नाव हादसे में 13 लोगों की मौत, 101 को बचाया गया, नौसेना ने बताया कैसे हुआ हादसा

मुंबई: महाराष्ट्र में मुंबई तट के नजदीक बुधवार को नौसेना की एक स्पीड बोट के एक नौका से टकराने के कारण 13 लोगों की मौत हो गई जबकि 101 अन्य लोगों को बचा लिया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने यह जानकारी दी। फड़नवीस ने नागपुर में पत्रकारों को बताया कि इस घटना में मारे गए लोगों में 10 नागरिक और नौसेना के 3 कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने नौसेना के हवाले से बताया कि इस घटना में शाम 7.30 बजे तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

फड़नवीस ने बताया कि नीलकमल नामक नौका मुंबई के नजदीक स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘एलीफैंटा’ द्वीप जा रही थी तभी शाम करीब 4 बजे नौसेना की एक स्पीड बोट इस नौका से टकरा गई। घटना का कथित वीडियो भी प्रसारित हुई है। रक्षा मंत्रलय के एक अधिकारी ने बताया कि नौसेना और तटरक्षक बल ने घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान में नौसेना की 11 नाव, समुद्री पुलिस की 3 नाव और तटरक्षक बल की एक नाव इस्तेमाल की जा रही हैं। अधिकारी ने बताया कि खोज एवं बचाव अभियान के लिए 4 हैलीकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है।

नौसेना ने बताया कैसे हुआ हादसा
भारतीय नौसेना के अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब समुद्र में ट्रायल के दौरान नेवी की स्पीड बोट नियंत्रण से बाहर हो गई और यात्री नौका से टकरा गई। नेवी की स्पीड बोट का इंजन हाल ही में बदला गया था और आज नए इंजन का परीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान इंजन पूरी तरह से बंद हो गया और स्पीड बोट नियंत्रण से बाहर हो गई और नीलकमल बोट से टकरा गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें