Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाजार से कंपनियों ने जमकर जुटाया फंड, बने कई नए रिकॉर्ड

December 25, 2024

बाजार से कंपनियों ने जमकर जुटाया फंड, बने कई नए रिकॉर्ड

मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में तेजी के बीच कॉर्पोरेट्स ने 2024 में आईपीओ, एफपीओ, क्यूआईपी और राइट्स इश्यू के जरिए निवेशकों से बंपर फंड जुटाया है और पिछले सभी रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। 2024 में घरेलू कंपनियों ने 90 इनिशियल पब्लिक ऑफर (आईपीओ) के जरिए कुल 1.64 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। इस दौरान 1.39 लाख करोड़ रुपए के शेयरों की बिक्री संस्थागत निवेशकों को की गई है। यह पब्लिक इश्यू के जरिए पूंजी जुटाने का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

इससे पहले 2021 में आईपीओ ने जरिए कंपनियों ने सबसे अधिक 1.18 लाख करोड़ रुपए की राशि जुटाई थी। इस दौरान कंपनियों द्वारा संस्थागत निवेशकों को 41,997 करोड़ रुपए के शेयरों की बिक्री की गई थी। इस साल अब तक 20 कंपनियों ने राइट्स इश्यू के जरिए करीब 18,000 करोड़ रुपए जुटाए हैं। पिछले साल ये आंकड़ा 7,266 करोड़ रुपए और 2022 में यह 3,884 करोड़ रुपए था। आईपीओ मार्कीट में तेजी का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि 2024 के आखिरी महीने में करीब 15 कंपनियां करीब 25,500 करोड़ रुपए जुटाने जा रही हैं। 2024 का सबसे बड़ा आईपीओ हुंडई मोटर इंडिया द्वारा पेश किया गया।

इसका साइज 27,870 करोड़ रुपए था। इससे पहले 2022 में आया एलआईसी का 21,008 करोड़ रुपए का पब्लिक इश्यू, देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ था। 2024 में सबसे ज्यादा 320 गुना का सब्सक्रिप्शन विभोर स्टील टय़ूब के आईपीओ को मिला है। इसके अलावा केआरएन हीट एक्सचेंजर एंड रैफ्रिजरेशन, मनबा फाइनांस और गाला प्रिसिजन इंजीनियरिंग जैसे आईपीओ को 200 गुना से अधिक सब्सक्रिप्शन मिला।

क्वालिफाइड इंस्टीच्यूशनल प्लेसमैंट (क्यूआईपी) के जरिए इस साल कंपनियों ने 1.4 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं, यह 2020 के बाद अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस साल वेदांता और जोमैटो द्वारा प्रत्येक ने क्यूआईपी के जरिए 8,500 करोड़ रुपए की राशि जुटाई है। इसके अलावा अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस और वरुण बेवरेज ने क्रमश: 8,373 करोड़ रुपए और 7,500 करोड़ रुपए की राशि जुटाई है। नैशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने इस साल प्राथमिक बाजारों में 14 अरब डॉलर निवेश किए हैं, जो कि 2021 के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें