Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुजरातः भरूच में रासायनिक संयंत्र में जहरीली गैस लीक, चार कर्मचारियों की मौत

December 29, 2024

गुजरातः भरूच में रासायनिक संयंत्र में जहरीली गैस लीक, चार कर्मचारियों की मौत
भरूच। गुजरात में भरूच जिले के दहेज स्थित एक रासायनिक संयंत्र में जहरीली गैस का रिसाव होने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। दहेज थाने के निरीक्षक बी.एम. पाटीदार ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे ‘गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स लिमिटेड’ (जीएफएल) की एक उत्पादन इकाई में पाइप से जहरीली गैस के रिसाव की चपेट में आने से कर्मचारी बेहोश हो गए।
अधिकारी ने बताया कि चारों कर्मचारियों को भरूच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें से तीन की रविवार तड़के करीब तीन बजे मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने सुबह छह बजे दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा, ‘‘घटना रात करीब 10 बजे हुई। कंपनी के सीएमएस संयंत्र के भूतल से गुजर रहे पाइप से गैस रिसाव होने के कारण चार कर्मचारी बेहोश हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चारों की मौत हो गई।’’ अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान राजेश कुमार (गुजरात), मुद्रिका यादव (झारखंड), सुशीत प्रसाद और महेश नंदलाल (दोनों उत्तर प्रदेश से) के रूप में हुई है। दहेज स्थित जीएफएल के उपमहाप्रबंधक जिग्नेश परमार ने संवाददाताओं को बताया कि वे मामले की जांच करेंगे और मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
 उन्होंने कहा, ‘‘कंपनी और प्रबंधन इस घटना से दुखी हैं। हमने अधिकारियों के साथ सहयोग करने का वादा किया है तथा हम मामले की जांच करेंगे और अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे।’’ भरूच की उपमंडल मजिस्ट्रेट मनीषा मनानी ने कहा, अंबेटा गांव के पास जीएफएल संयंत्र में गैस रिसाव होने के कारण चार लोगों की मौत हो गई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भरूच के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें