Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

ADR ने एक रिपोर्ट में किया खुलासा: एन. चंद्रबाबू नायडू सबसे अमीर मुख्यमंत्री, ममता बनर्जी के पास सबसे कम संपत्ति

December 31, 2024

ADR ने एक रिपोर्ट में किया खुलासा: एन. चंद्रबाबू नायडू सबसे अमीर मुख्यमंत्री, ममता बनर्जी के पास सबसे कम संपत्ति

नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के साथ भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं, जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सिर्फ 15 लाख रुपए की संपत्ति के साथ सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री हैं। एसोसिएशन फॉर डैमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) द्वारा सोमवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रति मुख्यमंत्री की औसत संपत्ति 52.59 करोड़ रुपए है।

भारत की प्रति व्यक्ति शुद्ध राष्ट्रीय आय या एनएनआई 2023-2024 के लिए लगभग 1,85,854 रुपए थी, जबकि एक मुख्यमंत्री की औसत स्व-आय 13,64,310 रुपए है, जो भारत की औसत प्रति व्यक्ति आय का लगभग 7.3 गुना है। देश के 31 मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 1,630 करोड़ रुपए है।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू 332 करोड़ रुपए से अधिक की कुल संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया 51 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं। खांडू पर सबसे ज्यादा 180 करोड़ रुपए की देनदारी भी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सिद्धरमैया पर 23 करोड़ रुपए और नायडू पर 10 करोड़ रुपए से अधिक की देनदारियां हैं।

इसमें यह भी कहा गया है कि 13 (42 प्रतिशत) मुख्यमंत्रियों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जबकि 10 (32 प्रतिशत) ने गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, अपहरण, रिश्वतखोरी और आपराधिक धमकी से संबंधित मामले शामिल हैं। देश के 31 मुख्यमंत्रियों में से केवल 2 महिलाएं पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी और दिल्ली की मुख्यमंत्री अतिशी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें