Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘रोपवे’ परियोजना के खिलाफ कटरा में बंद छठे दिन भी जारी, श्रद्धालुओं की संख्या में आई कमी

December 31, 2024

‘रोपवे’ परियोजना के खिलाफ कटरा में बंद छठे दिन भी जारी, श्रद्धालुओं की संख्या में आई कमी

रियासी/जम्मू: जम्मू-कश्मीर में वैष्णो देवी तीर्थयात्रा के आधार शिविर कटरा में प्रस्तावित ‘रोपवे’ परियोजना के खिलाफ सोमवार को छठे दिन भी बंद जारी रहा तथा प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग को लेकर आंदोलनकारियों की भूख हड़ताल भी जारी है। श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति ने बंद का आह्वान किया है, जो बुधवार से शुरू हुआ। समिति ने घोषणा की है कि इस दौरान कटरा में सभी गतिविधियां निलंबित रहेंगी। हिरासत में लिए गए समिति के नेता भूपिंदर सिंह की पत्नी शिवानी जामवाल भी प्रदर्शनकारियों में शामिल हो गईं और उन्होंने पुलिस हिरासत में अपने पति और अन्य लोगों की बिगड़ती हालत का हवाला देते हुए उन्हें तत्काल रिहा न किए जाने पर आत्मदाह करने की धमकी दी।

समिति के आह्वान के बाद लगातार छठे दिन शहर में सभी दुकानें, रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और सड़कों पर यातायात नदारद रहा। बंद के कारण गुफा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है। समिति के प्रवक्ता ने कहा, ‘जब तक सरकार रोपवे परियोजना को रद्द नहीं करती, तब तक बंद जारी रहेगा। यह अस्तित्व और सम्मान की लड़ाई होने के साथ ही माता के पारंपरिक मार्ग से तीर्थयात्र की निरंतरता सुनिश्चित करना भी है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने या समिति के साथ बातचीत करने से इंकार करके जानबूझकर स्थिति को और खराब कर रही है।

ये भी देखें : एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच आईटी नौकरियों पर संकट, मेटा-माइक्रोसॉफ्ट की नई छंटनी तैयारी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें