Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

कृषि और किसान कल्याण के लिए मोदी सरकार की कड़ी मेहनत, 2025 में और भी बड़े कदम उठाए जाएंगे : शिवराज सिंह चौहान

December 31, 2024

कृषि और किसान कल्याण के लिए मोदी सरकार की कड़ी मेहनत, 2025 में और भी बड़े कदम उठाए जाएंगे : शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली :  कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री के द्वारा देश के किसानों को साल 2024 में दिए गए सौगात को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में किसान कल्याण हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। किसानों की आय में वृद्धि के लिए हमनें एक 6 सूत्रीय रणनीति बनाई और लगातार प्रयास किया है ताकि किसान समृद्ध हो सकें।केंद्र सरकार की किसान हितैषी नीतियों के कारण इस वर्ष कृषि वृद्धि दर 3.5% रही, और अगले साल इसके 4.0% तक पहुंचने का अनुमान है। विकसित भारत के निर्माण के लिए एक विकसित कृषि क्षेत्र की आवश्यकता है। मोदी जी के नेतृत्व में इस वर्ष हमने कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, और आने वाले वर्ष में हम दोगुनी ऊर्जा और उत्साह के साथ किसानों के जीवन को खुशहाल बनाने के लिए जुटेंगे।

उन्होंने आगे ट्वीट के माध्यम से आगे कहा कि किसान कल्याण के प्रति संवेदनशील मोदी सरकार ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। खाद्य तेलों के आयात शुल्क को 0% से बढ़ाकर 20% किया गया, बासमती चावल से न्यूनतम निर्यात शुल्क हटा दिया गया, और गैर बासमती चावल से निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंध को समाप्त किया गया। इसके साथ ही प्याज के निर्यात शुल्क को 40% से घटाकर 20% किया गया। हमने 100 दिन सैचुरेशन अभियान चलाकर 25 लाख नए किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना से जोड़ा। इसके अलावा, केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन, कृषोन्नति योजना, डिजिटल कृषि मिशन, और राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन को मंजूरी दी।

प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2024 को ग्रामीण भारत के विकास के संकल्पों का साक्षी बनने वाला वर्ष माना जा रहा है, जो आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव रख रहा है। इस वर्ष दुनिया ने नमो ड्रोन दीदियों की उड़ान देखी, और लखपति दीदियों के सामर्थ्य से भी परिचित हुई। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से 3 करोड़ नागरिकों का अपने पक्के घर का सपना पूरा हुआ, जबकि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिए गांवों को खुशियों से जोड़ा गया। मनरेगा ने ग्रामीणों को संबल दिया, तो आजीविका मिशन ने बहनों को समृद्धि प्रदान की।

बीते एक वर्ष में संपूर्ण देश ने ग्रामीण भारत के विकास की अभूतपूर्व यात्रा का अनुभव किया। निश्चित रूप से आने वाला वर्ष भी नई उपलब्धियों से भरा होगा, और हम दृढ़ संकल्प के साथ ग्रामीण विकास के लिए समर्पित रहेंगे। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में भी अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की गई हैं। प्रत्येक कैबिनेट में कृषि और किसान से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के कई कदम उठाए गए।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री जी ने अपने तीसरे कार्यकाल में किया और 9.26 करोड़ किसानों को ₹20 हजार करोड़ की राशि सीधे उनके खातों में भेजी। साथ ही, फसलों की जलवायु अनुकूल 109 किस्में किसानों को समर्पित की गईं, और खरीफ विपणन सीजन 2024-25 के लिए 14 खरीफ फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में, किसान सेवा को भगवान की पूजा मानते हुए, हम निरंतर प्रयासरत रहेंगे ताकि भारत के किसानों को समृद्धि मिल सके और कृषि क्षेत्र में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें