Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

Andhra Pradesh : तिरुपति स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट, एक की मौत 5 घायल

January 2, 2025

Andhra Pradesh : तिरुपति स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट, एक की मौत 5 घायल

आंध्र प्रदेश : आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में एक स्टील प्लांट में विस्फोट और गुजरात के सूरत में आग लगने से हादसों की एक झड़ी लग गई। इन घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं और कुछ लोगों की जान भी गई है। बता दें कि आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के पेनेपल्ली स्थित अग्रवाल स्टील प्लांट में बुधवार रात एक बड़ा विस्फोट हुआ। घटना में एक की मौत हो गई जबकी 5 लोग घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। विस्फोट के बाद सिलसिलेवार छोटे-छोटे विस्फोट भी हुए, जिससे अधिक नुकसान हुआ। यह हादसा रात करीब 10:15 बजे हुआ, जब प्लांट के बॉयलर में अचानक खराबी आ गई और विस्फोट हो गया।

विस्फोट से टूटी खिड़कियां  

आपको बता दें कि विस्फोट इतना भीषण था कि इससे आसपास के घरों की खिड़कियां टूट गईं और इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। घायल हुए श्रमिकों को इलाज के लिए नेल्लोर और नायडूपेटा के सरकारी अस्पतालों में भेजा गया है। इस हादसे के बाद संयंत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

सूरत के स्टील प्लांट में भी बड़ा हादसा

तिरुपति के बाद गुजरात के सूरत में भी एक बड़ा हादसा हुआ। यहां हजीरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक स्टील प्लांट में आग लगने से 4 मजदूरों की मौत हो गई। आग की वजह से एक लिफ्ट में सवार मजदूर फंस गए थे, जिनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूरत पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत के मुताबिक, यह हादसा आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया (एएम/एनएस इंडिया) के संयंत्र में हुआ। उन्होंने बताया कि कोयले की जलती हुई राख अचानक फैल गई और इससे आग लग गई। इस हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस और फैक्ट्री इंस्पेक्टर घटना की जांच कर रहे हैं। अभी तक कोई आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है, और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।

इन दोनों घटनाओं ने स्टील प्लांट्स में सुरक्षा व्यवस्थाओं की आवश्यकता को उजागर किया है। जहां एक ओर तिरुपति में विस्फोट हुआ, वहीं दूसरी ओर सूरत में आग से नुकसान हुआ। इन हादसों से इस उद्योग में काम करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की महत्ता बढ़ गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें