Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Amit Shah ने ‘भारतपोल’ पोर्टल किया लॉन्च, कहा- विदेशों में छिपे भगौड़ों की अब खैर नहीं

January 8, 2025

Amit Shah ने ‘भारतपोल’ पोर्टल किया लॉन्च, कहा- विदेशों में छिपे भगौड़ों की अब खैर नहीं

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि अब समय आ गया है कि भारतीय जांच एजैंसियां भगौड़ों को पकड़ने के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करें। उन्होंने जांच एजैंसियों के लिए तेजी से अंतर्राष्ट्रीय सहायता की सुविधा के लिए ‘भारतपोल’ पोर्टल लॉन्च किया। यहां भारत मंडपम में ‘भारतपोल’ की शुरुआत करते हुए, मंत्री ने रेखांकित किया कि सीबीआई द्वारा विकसित पोर्टल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता ‘रीयल टाइम इंटरफेस’ है। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल की मदद से केंद्रीय और राज्य एजैंसियां आसानी से इंटरपोल से जुड़ सकेंगी और अपनी जांच में तेजी ला सकेंगी।

शाह ने कहा, ‘अब समय आ गया है कि हम अपराध करने के बाद भारत से फरार हुए भगौड़ों को पकड़ने और उन्हें न्याय के कटघरे में लाने के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करें।’ उन्होंने कहा, ‘हमें वैश्विक चुनौतियों पर नजर रखनी होगी और अपनी आंतरिक प्रणालियों को अद्यतन करना होगा। भारतपोल उस दिशा में एक कदम है।’ उन्होंने कहा कि नया पोर्टल केंद्रीय और राज्य जांच एजैंसियों को इंटरपोल के 195 सदस्य देशों से अपने मामलों पर जानकारी साझा करने और प्राप्त करने की अनुमति देगा।

गृह मंत्री ने कहा कि पिछले साल मोदी सरकार द्वारा लाए गए 3 नए आपराधिक कानून यह सुनिश्चित करेंगे कि भगौड़ों और फरार लोगों के खिलाफ बेहतर तरीके से मुकद्दमा चलाया जाए। शाह ने कहा, ‘मैं सीबीआई से आग्रह करूंगा कि वह भारतपोल के बारे में क्षमता निर्माण और 3 नए आपराधिक कानूनों के लिए राज्यों को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी ले।’ उन्होंने कहा, ‘हमें विभिन्न प्रकार के इंटरपोल नोटिस और उनकी प्रक्रियाओं के ज्ञान के साथ-साथ इन प्रणालियों को संस्थागत बनाने की आवश्यकता है।’

ये भी पढ़ें: Petrol Diesel: क्या पेट्रोल-डीजल महंगा होगा? सरकार की प्रतिक्रिया आई सामने

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें