Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाकुंभ के श्रद्धालु ध्यान दें, भारी बारिश समेत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी

January 17, 2025

महाकुंभ के श्रद्धालु ध्यान दें, भारी बारिश समेत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी

Prayagraj Weather : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रयागराज में बारिश और कोहरे की भविष्यवाणी की है और शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विवरण देते हुए IMD के वैज्ञानिक ने कहा कि शुक्रवार को कुंभ मेला क्षेत्र में बारिश और कोहरे की स्थिति रहने की संभावना है।

उन्होंने कहा, “आज दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और कोहरे की स्थिति रहने की संभावना है, जहां इस समय कुंभ मेला चल रहा है। कोहरा बहुत घना न भी हो, तो भी इसका असर अधिक होगा और इसी वजह से हमने इस क्षेत्र में आज और कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 18 जनवरी से बारिश बढ़ने की उम्मीद है। 21-22 जनवरी को तीसरा पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है। इसलिए मैदानों पर बारिश की संभावना है।”

उन्होंने आगे कहा, “आज पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के ऊपर है और इससे प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण हरियाणा के ऊपर है। उत्तर भारत में कई स्थानों पर कल बारिश हुई। यह पश्चिमी विक्षोभ पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जिसके कारण पहाड़ी क्षेत्रों और पश्चिमी यूपी में आंधी-तूफान की गतिविधि और आज पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना है। 18-19 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है।”

आईएमडी ने आगे कहा कि आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ से पहले तापमान बढ़ता है और इसके बाद तापमान कम हो जाता है। उन्होंने कहा, “संभावना है कि अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी और उत्तर-पश्चिम भारत में कोहरे की स्थिति बढ़ सकती है, जिससे 17-18 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, उत्तरी यूपी और दिल्ली में घना कोहरा छा सकता है।

आईएमडी ने एक्स पर पोस्ट किया, “इस क्षेत्र में देर रात/सुबह के दौरान हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर घने से बहुत घने कोहरे (00-200 मीटर) के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।”

इस बीच, दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समागम में 6 करोड़ से अधिक भक्तों ने भाग लिया है। तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए, प्रयागराज प्रशासन ने एआई आधारित कम्प्यूटरीकृत खोया-पाया केंद्र की स्थापना की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें