Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का जन्मदिन आज, बहन श्वेता ने दी ख़ास तरीके से शुभकामनाएं

January 21, 2025

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का जन्मदिन आज, बहन श्वेता ने दी ख़ास तरीके से शुभकामनाएं

Sushant Singh Rajput Birthday : दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का मंगलवार को जन्मदिन है। सपने देखने वाले लीजेंड को उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक खास वीडियो के साथ जन्मदिन की शुभकामना दी। श्वेता ने भाई के जन्मदिन को ‘सुशांत डे‘ भी बताया।

इंस्टाग्राम पर एक वीडियो मोंटाज साझा करते हुए श्वेता सिंह ने लिखा, ‘‘स्टार, सपने देखने वाले लीजेंड, जन्मदिन मुबारक हो भाई! आपकी रोशनी लाखों लोगों के दिलों में चमकती है। आप सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, आप एक साधक, एक विचारक, जिज्ञासाओं और प्रेम से भरी आत्मा थे। जिस दुनिया की आपने प्रशंसा की, उन सपनों को आपने इतनी निडरता से पूरा किया, आपने हम सभी को सीमाओं से परे पहुंचना, सवाल करना और गहराई से प्यार करना सिखाया।‘‘

उन्होंने भाई के लिए आगे लिखा, ‘‘आपकी हर मुस्कान, आपके सपने और छोड़े गए विचार हमें याद दिलाते हैं कि आपका सार शाश्वत है। आप सिर्फ एक याद नहीं, एक एनर्जी हैं, एक शक्ति जो प्रेरित करती रहती है।‘ श्वेता ने आगे लिखा, ‘‘भाई, आपसे प्यार शब्दों से परे है और आपकी कमी को पूरा नहीं किया जा सकता। आज, हम आपकी प्रतिभा, जुनून और आपकी खूबसूरत आत्मा का जश्न मनाते हैं। आइए बड़े सपने देखना, पूरी तरह से जीना और प्यार फैलाना जारी रखते हुए सुशांत का सम्मान करें। सभी को हैप्पी सुशांत डे।‘

श्वेता अक्सर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर भाई का जिक्र करती रहती हैं। अभिनेत्री अंकिता के बर्थडे पर श्वेता ने उनकी पोस्ट पर कमेंट कर कहा था कि भाई सुशांत का प्यार हमेशा आपके साथ है। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए अंकिता लोखंडे के बर्थडे पोस्ट पर कमेंट कर सुशांत की बहन ने लिखा था, ‘‘तुम्हें जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई डियर। आप हमेशा खुश और स्वस्थ रहें। भाई (सुशांत सिंह राजपूत) का प्यार और आशीर्वाद हमेशा साथ है।‘‘

अंकिता ने अपने जन्मदिन के जश्न की तस्वीरें साझा कर कैप्शन में लिखा, ‘‘और जन्मदिन की शुरुआत प्यार, हंसी और आशीर्वाद के साथ हुई। मुझे जन्मदिन की शुभकामनाएं।‘‘ बता दें, अंकिता लोखंडे और श्वेता सिंह कीर्ति के बीच एक अच्छा रिश्ता है। दोनों सोशल मीडिया पर अक्सर एक-दूसरे को सपोर्ट करती नजर आती हैं।

‘बिग बॉस 17’ में सुशांत सिंह राजपूत का जिक्र करने पर अंकिता को आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा था। सोशल मीडिया पर उन्हें यूजर्स ने जमकर ट्रोल किया था, उस वक्त उनकी दोस्त और सुशांत की बहन श्वेता बचाव में आगे आई थीं और ट्रोल करने वालों को फटकार लगाती नजर आई थीं।

अंकिता लोखंडे और सुशांत सिंह राजपूत सात साल तक रिलेशनशिप में थे। वे पहली बार टीवी शो ‘पवित्र रिश्ता’ के सेट पर मिले थे और दोनों में प्यार हो गया था। हालांकि, सात साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें