Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुंभ नगरी में CM Yogi की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आज, सभी मंत्रियों संग लगाएंगे संगम में डुबकी

January 22, 2025

कुंभ नगरी में CM Yogi की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आज, सभी मंत्रियों संग लगाएंगे संगम में डुबकी

CM Yogi in Mahakumbh : उत्तर प्रदेश सरकार बुधवार को प्रयागराज के मेला क्षेत्र में अहम बैठक करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित विशेष कैबिनेट बैठक में राज्य के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और योजनाओं को मंजूरी दिए जाने की संभावना है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस बैठक में उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी 54 मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है।

कैबिनेट की बैठक बुधवार दोपहर से अरैल स्थित त्रिवेणी संकुल में शुरू होगी। संगम पर आने वाले तीर्थयात्रियों को होने वाली असुविधा से बचने के लिए स्थान परिवर्तित किया गया। शुरुआत में, बैठक मेला प्राधिकरण सभागार में आयोजित की जानी थी, लेकिन वीआईपी सुरक्षा के कारण तीर्थयात्रियों की आवाजाही में परेशानी पैदा होने की चिंता के कारण स्थान में बदलाव करना पड़ा।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरे मंत्रिमंडल के साथ त्रिवेणी संगम के पवित्र जल में डुबकी लगाएंगे। मंत्रीगण अरैल वीआईपी घाट से मोटरबोट द्वारा संगम तक जाएंगे। संगम पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्रिमंडल के सदस्य पूजा-अर्चना करेंगे और संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगे।

यह दूसरी बार होगा जब सीएम योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रिमंडल के साथ संगम जाएंगे। 2019 में कुंभ मेले के दौरान उन्होंने अपने मंत्रियों, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि और अन्य संतों के साथ औपचारिक डुबकी लगाई थी।

रिपोर्ट के अनुसार, सीएम योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, बेबी रानी मौर्य, जयवीर सिंह, लक्ष्मी नारायण चौधरी, धर्मपाल, नंद गोपाल नंदी, अनिल राजभर और स्वतंत्र प्रभार और राज्य मंत्रियों सहित सभी 54 मंत्री कैबिनेट बैठक में भाग लेने के बाद संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें