Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘संसद सत्र और रिपब्लिक डे कार्यक्रम में भाग लेने की दी जाए इजाजत’, हाईकोर्ट पहुंचा अमृतपाल सिंह

January 24, 2025

‘संसद सत्र और रिपब्लिक डे कार्यक्रम में भाग लेने की दी जाए इजाजत’, हाईकोर्ट पहुंचा अमृतपाल सिंह

चंडीगढ़: राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम यानी एनएसए के तहत असम की जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह ने वीरवार को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाकर केंद्र को निर्देश देने की मांग की है कि उसे आगामी संसद सत्र और गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने की इजाजत दी जाए। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होने वाला है। 2025-26 के लिए केंद्रीय बजट 1 फरवरी को पेश किया जाएगा, जिसके बाद 2 भागों में चर्चा और विचार-विमर्श होगा और 4 अप्रैल, 2025 को इसका समापन होगा।

वीरवार को दायर याचिका में अमृतपाल सिंह ने मंत्रियों के साथ बैठकों में भाग लेने की अनुमति देने का निर्देश देने की मांग की है ताकि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से संबंधित मुद्दे उठा सकें। उसने अपनी याचिका में यह भी तर्क दिया है कि उसे संसद सत्र में भाग लेने की इजाजत न देकर उन्हें सांसद के रूप में उनके विशेषाधिकारों से वंचित किया जा रहा है और यह संविधान के अनुच्छेद 14 में दिए गए समानता के अधिकारों के खिलाफ है।

इस याचिका में यह भी कहा गया है कि संसद के चालू सत्र में भाग लेने की इजाजत मांगने के लिए लोकसभा अध्यक्ष को 30 नवंबर को औपचारिक अनुरोध भेजा गया था। सिंह ने डिप्टी कमिश्नर को एक ज्ञापन भी सौंपा जिसमें चल रहे संसदीय सत्र में हिस्सा लेने की अनुमति मांगी गई। हालांकि, अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। अमृतपाल के वकील ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस मामले पर सोमवार तक सुनवाई हो जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें