Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तराखंड में सियासी तनाव : विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बीच झड़प, बदमाशों द्वारा कराई गई गोलीबारी

January 27, 2025

उत्तराखंड में सियासी तनाव : विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बीच झड़प, बदमाशों द्वारा कराई गई गोलीबारी

हरिद्वार: उत्तराखंड के खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के ऑफिस पर हुई मारपीट और गोलीबारी के बाद विधायक उमेश कुमार हाथ में पिस्टल लिए भाजपा के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के पीछे जाते हुए नजर आए। इसका वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने उनको रोक लिया।

इसके बाद मीडिया से बात करते हुए विधायक उमेश कुमार ने आरोप लगाया कि शहर के बीचो-बीच बाहर से बदमाश लाकर, उत्तर प्रदेश के लोग लाकर गोलीबारी कराई गई है, जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस को सारी जानकारी दी गई है और पुलिस कार्रवाई करेगी।

इससे पहले, खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने एक्स पर लिखा, कल (शनिवार को) निकाय चुनाव में औंधे मुंह हारने के बाद आज मेरे सरकारी आवास पर भाजपा के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने हथियारबंद बदमाशों के साथ कई सौ राउंड गोलियां चलाई। इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ अंधाधुंध फायरिंग की।

हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि रविवार दिन में एक घटना हुईं जिसमें पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन द्वारा वर्तमान विधायक उमेश शर्मा के कैंप कार्यालय में फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जब पुलिस के संज्ञान में यह मामला आया तो तत्काल प्रभारी निरीक्षक रुड़की द्वारा इसमें अभियोग पंजीकृत किया गया। जितने भी लोग इसमें सम्मिलित है उन पर सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। दोनों के मामले को पुलिस ने संज्ञान में लिया है। हम यह जांच कर रहे हैं कि प्रयोग में लाए गए हथियार अगर लाइसेंसी हैं तो क्या ये पब्लिक डोमेन में उपयोग में लाया गया हैं, इसको संज्ञान में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें