Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

लॉस एंजिल्स में तबाह स्कूलों के पुनर्निर्माण में लग सकते हैं कई साल, सैकड़ों मिलियन डॉलर की जरुरत

January 27, 2025

लॉस एंजिल्स में तबाह स्कूलों के पुनर्निर्माण में लग सकते हैं कई साल, सैकड़ों मिलियन डॉलर की जरुरत

Rebuilding Destroyed Schools : दक्षिणी कैलिफोर्निया में 7 जनवरी को शुरू हुई विनाशकारी जंगल की आग ने क्षेत्र की शिक्षा प्रणाली को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। एक दर्जन से अधिक स्कूल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल के अधिकारियों ने पुनर्निर्माण का चुनौतीपूर्ण कार्य शुरू कर दिया है। उन्हें सैकड़ों मिलियन अमेरिकी डॉलर की जरूरत है और पुनर्निर्माण में वर्षों का समय लगने की संभावना है।

कैलिफोर्निया में स्थानीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने वाले गैर-लाभकारी समाचार संगठन कैलमैटर्स के अनुसार, लॉस एंजिल्स काउंटी में कम से कम 12 स्कूलों को भारी नुकसान हुआ है, जिसमें पांच परिसर नष्ट हो गए हैं।

लॉस एंजिल्स यूनिफाइड स्कूल डिस्ट्रिक्ट, (देश की दूसरी सबसे बड़े स्कूल सिस्टम), के दो प्राइमरी स्कूल पैसिफिक पैलिसेड्स आग में पूरी तरह से जल गए। वहीं पैलिसेड्स चार्टर हाई स्कूल को भी भारी नुकसान पहुंचा। पासाडेना और अल्ताडेना में, तीन प्राइमरी स्कूल तबाह हो गए। लॉस एंजिल्स काउंटी स्कूल अधीक्षक डेबरा डुआडरे ने कहा, ‘इन स्कूलों के पुनर्निर्माण में सालों लग सकते हैं।‘

स्कूलों को उम्मीद सिर्फ कैलिफोर्निया के प्रस्ताव 2 से है, जो नवंबर में पारित किया गया 10 बिलियन डॉलर का स्कूल निर्माण बॉन्ड है। इसका मकसद जंगल की आग जैसी आपदाओं से होने वाले नुकसान, उनकी मरम्मत और पुनर्निर्माण प्रयासों के लिए पैसा देना है। हालांकि, यह फंड पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर वितरित किया जाता है जबकि मदद के लिए इंतजार कर रहे स्कूलों की लंबी लिस्ट है। प्राथमिकता संभवत: आग से क्षतिग्रस्त स्कूलों को दी जाएगी।

भीषण आग की वजह से हजारों छात्र और कर्मचारी विस्थापित हुए हैं। पासाडेना यूनिफाइड स्कूल डिस्ट्रिक्ट में, 1,300 से अधिक कर्मचारियों ने बर्न जोन के भीतर अपने घर खो दिए। प्रशासन का अनुमान है कि हज़ारों छात्र और परिवार प्रभावित हुए हैं।

कैलिफोर्निया में पिछले जंगल की आग से उबरने की कोशिशें बताती हैं कि पुनर्निर्माण का रास्ता लंबा होगा। सोनोमा काउंटी में, एनोवा सेंटर फॉर एजुकेशन, जो 2017 की टब्स फायर में नष्ट हो गया था, सात साल से अधिक समय बाद जनवरी की शुरुआत में ही फिर से खुला।

2018 के कैंप फायर से तबाह हुए पैराडाइज यूनिफाइड स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने परिसरों के पुनर्निर्माण पर 155 मिलियन डॉलर खर्च किए हैं, लेकिन मरम्मत को पूरा करने के लिए अभी भी अतिरिक्त 150 मिलियन डॉलर की जरुरत है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें