Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

Padma Awards : Allu Arjun ने पद्म पुरस्कार विजेताओं को दी बधाई, बोले- दिल से हुई खुशी

January 27, 2025

Padma Awards : Allu Arjun ने पद्म पुरस्कार विजेताओं को दी बधाई, बोले- दिल से हुई खुशी

Padma Awards : साउथ फिल्म जगत के सुपरस्टार Allu Arjun ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। अभिनेता ने अजीत कुमार, बालकृष्ण नंदमुरी और शेखर कपूर के साथ ही कला श्रेणी में सम्मान पाने वाले अन्य सितारों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके दिल को बहुत खुशी देता है। सोशल मीडिया पर सक्रिय अभिनेता ने पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई देने के लिए एक्स हैंडल का सहारा लिया। अल्लू अर्जुन ने लिखा, ‘प्रतिष्ठित पद्म भूषण पुरस्कार पाने पर नंदमुरी बालकृष्ण गारु (माननीय) को हार्दिक बधाई। तेलुगू सिनेमा में आपके योगदान के लिए यह सम्मान पूरी तरह से योग्य है। डियर अजीत कुमार गारु, आपकी उपलब्धि समान रूप से प्रेरणादायक और सराहनीय है।’ अभिनेता ने आगे लिखा, ‘‘शोभना गारु, शेखर कपूर गारु, अनंत नाग गारु समेत सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई। कला श्रेणी में यह सम्मान मेरे दिल को बेहद खुशी देता है!’

मैं आभारी हूं कि भारत सरकार ने मुझे पद्मभूषण के योग्य माना है : शेखर कपूर
इससे पहले फिल्म निर्माता-निर्देशक शेखर कपूर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर पद्म भूषण सम्मान के लिए सरकार के साथ ही अपने प्रशंसकों का आभार जताया था। सोशल मीडिया पर सक्रिय शेखर कपूर ने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए भारत सरकार का न केवल आभार जताया बल्कि खुद को भाग्यशाली भी बताया था। उन्होंने कहा कि ‘मैं आभारी हूं कि भारत सरकार ने मुझे पद्मभूषण के योग्य माना है।’’ शेखर कपूर ने खुशी जाहिर करते हुए यह भी बताया था कि पुरस्कार उन्हें इंडस्ट्री की सेवा करने और उस खूबसूरत राष्ट्र की सेवा करने के लिए हमेशा प्रेरित करेगा जिसका वह हिस्सा हैं। उन्होंने खुद को भाग्यशाली बताया था। शेखर कपूर ने देश, सरकार के साथ ही दर्शकों का भी आभार जताया था।

1983 में आई फिल्म ‘मासूम’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा
बॉलीवुड और हॉलीवुड के सफल निर्देशकों में शुमार शेखर कपूर ने 1983 में आई फिल्म ‘मासूम’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने 1987 की ‘मिस्टर इंडिया’ का निर्देशन किया। कपूर ने 1994 की फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ के साथ ‘बरसात’, ‘दुश्मनी’ जैसी सफल फिल्मों को भी डायरेक्ट किया। 2016 में कपूर ने माता अमृतानंदमयी देवी के नाम से प्रसिद्ध अम्मा पर डॉक्यूमेंट्री भी बनाई, जिसका नाम ‘द साइंस ऑफ कम्पैशन’ है। शेखर ने 1998 में हॉलीवुड फिल्म ‘एलिजाबेथ’ और फिर 2007 में ‘एलिजाबेथ द गोल्डन एज’ बनाई। इसे भी काफी पसंद किया गया। एलिजाबेथ को 1999 में बाफ्टा में उत्कृष्ट ब्रिटिश फिल्म के पुरस्कार से नवाजा गया था। बता दें इस वर्ष 7 व्यक्तियों को पद्म विभूषण, 19 को पद्म भूषण और 113 को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पद्म पुरस्कार पाने वाली मनोरंजन जगत की हस्तियों में लोकगायिका शारदा सिन्हा (मरणोपरांत), पंकज उदास (मरणोपरांत), फिल्म निर्माता शेखर कपूर, अभिनेता अजीत कुमार, अभिनेत्री शोभना चंद्रकुमार, अभिनेता बालकृष्ण नंदमुरी, अरिजीत सिंह समेत अन्य हस्तियों के नाम शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें