Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

64 लोगों को ले जा रहा यात्री विमान सेना के हैलीकॉप्टर से टकराया, 28 शव बरामद

January 31, 2025

64 लोगों को ले जा रहा यात्री विमान सेना के हैलीकॉप्टर से टकराया, 28 शव बरामद

अर्लिग्टन: वाशिंगटन के निकट रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय एक यात्री विमान बुधवार को सेना के एक हैलीकॉप्टर से टकरा गया जिससे उस पर सवार सभी 60 यात्रियों और चालक दल के 4 सदस्यों की जान जाने की आशंका जताई जा रही है, फिलहाल 28 लोगों के शव बरामद किए गए हैं जिसमें एक शव हैलीकॉप्टर सवार व्यक्ति का है। परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुए अमेरिकन एयरलाइंस के विमान का मलबा पोटोमैक नदी में 3 टुकड़ों में पाया गया।

इसके बाद से निकटवर्ती पोटोमैक नदी में बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया। वाशिंगटन डीसी के अग्निशमन प्रमुख जॉन डोनले ने बताया कि अमेरिकन एयरलाइंस के विमान पर सवार 27 यात्रियों और हैलीकॉप्टर सवार एक व्यक्ति के शव बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने विमान और हैलीकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों के मारे जाने की आशंका जताई है। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि हैलीकॉप्टर में 3 सैनिक सवार थे। रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को हुई टक्कर के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई, लेकिन हवाई अड्डे से सभी उड़ानें रोक दी गईं।

दरअसल गोताखोर दल घटनास्थल की छानबीन कर रहे हैं तथा पूरे इलाके में कानून प्रवर्तन एजैंसियों के हैलीकॉप्टर शवों की खोज के लिए घटनास्थल के ऊपर से उड़ान भर रहे थे। नदी में जारी बचाव अभियान के दौरान की प्राप्त तस्वीरों में आंशिक रूप से डूबे हुए विमान के डैनों के चारों ओर नावें दिखाई दे रही थीं तथा ऐसा प्रतीत हो रहा था कि विमान का मुख्य ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया है।

ये भी पढ़ें :- लोकसभा में नहीं पास हो सका महिला आरक्षण बिल, विपक्ष ने हक में नहीं डाले वोट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें