Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

बजट ‘ऐतिहासिक’, हर भारतीय के सपनों को करेगा पूरा : PM Modi

February 1, 2025

बजट ‘ऐतिहासिक’, हर भारतीय के सपनों को करेगा पूरा : PM Modi

Budget is Historic : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आम बजट को ‘ऐतिहासिक’ करार देते हुए कहा कि ये हर भारतीय के सपनों को पूरा करेगा, ‘विकसित भारत’ के मिशन को आगे ले जाएगा और साथ ही विकास, निवेश और उपभोग को कई गुणा बढ़ाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से संसद में पेश किए गए वित्त वर्ष 2025-26 के आम बजट पर एक वीडियो के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया में मोदी ने कहा कि आज देश ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र को लेकर चल रहा है और इस बजट में इसके लिए बहुत महत्वपूर्ण और ठोस कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा, कि ‘आज भारत के विकास यात्र का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। ये 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का बजट है, ये हर भारतीय के सपनों को पूरा करने वाला बजट है। हमने कई क्षेत्र युवाओं के लिए खोल दिए हैं। ये विकसित भारत के मिशन को आगे ले जाने वाला है, ये बजट फोर्स मल्टीप्लायर है।’’ उन्होंने कहा, कि ‘आज देश विकास भी, विरासत भी के मंत्र को लेकर चल रहा है। इस बजट में इसके लिए बहुत महत्वपूर्ण और ठोस कदम उठाए गए हैं। इस बजट में एक करोड़ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए ज्ञन भारत मिशन को शुरू किया गया है।’’

परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में बजट घोषणाओं का उल्लेख करते हुए मोदी ने इसे ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह आने वाले समय में असैन्य परमाणु ऊर्जा में बहुत बड़ा योगदान देगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में रोजगार के सभी क्षेत्रों को हर प्रकार से प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने सीतारमण द्वारा पेश आम बजट को ‘लोगों का बजट’ करार देते हुए कहा कि यह लोगों के हाथों में अधिक पैसा देने वाला बजट है।

पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए कई क्षेत्रों को खोला है जो ‘विकसित भारत’ के मिशन को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने वित्त मंत्री और उनकी टीम को जनता का बजट पेश करने के लिए बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि गिग वर्कर्स के लिए कल्याणकारी उपाय श्रमिकों की गरिमा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं। उन्होंने कहा कि बजट में विनिर्माण क्षेत्र के लिए पेश किए गए उपायों से भारतीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर चमकने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कर राहत से मध्यम वर्ग और वेतनभोगी कर्मचारियों को बड़ा लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए बजट में की गई घोषणाओं से कृषि क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में क्रांति आएगी। उन्होंने कहा, कि ‘सुधारों के संदर्भ में इस बजट में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। परमाणु ऊर्जा में निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित करना ऐतिहासिक है। यह देश के विकास में असैन्य परमाणु ऊर्जा का बड़ा योगदान सुनिश्चित करेगा।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें