Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pareeksha Pe Charcha में इस बार होंगे नए चेहरे, फिल्मी सितारे और खेल जगत के दिग्गज… छात्रों को देंगे टिप्स

February 9, 2025

Pareeksha Pe Charcha में इस बार होंगे नए चेहरे, फिल्मी सितारे और खेल जगत के दिग्गज… छात्रों को देंगे टिप्स

नेशनल डेस्क : परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम इस बार एक नए अंदाज में छात्रों के सामने होगा। पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही छात्रों को परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने और तनाव से निपटने के टिप्स देते थे, लेकिन इस बार फिल्म इंडस्ट्री के सितारे और खेल जगत के दिग्गज भी छात्रों को महत्वपूर्ण टिप्स देंगे। बता दें कि पहली बार इस कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ ही कुछ गेस्ट्स भी नजर आएंगे। इसमें फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, अभिनेता विक्रांत मैसी, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर और कई खेल जगत के दिग्गज शामिल होंगे। परीक्षा पे चर्चा का आयोजन इस बार 10 फरवरी को दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में होने वाला है। इस कार्यक्रम को लेकर छात्रों में काफी उत्साह है। वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने के लिए तैयार हैं। परीक्षा पे चर्चा का 8वां संस्करण 8 एपिसोड्स में टेलीकास्ट किया जाएगा। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

परीक्षा पे चर्चा का इतिहास और सफलता

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “परीक्षा पे चर्चा” की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के तनाव से मुक्ति दिलाना और इसे एक उत्सव के रूप में मनाने के लिए प्रेरित करना है। इस कार्यक्रम का 8वां संस्करण 2025 में आयोजित होने जा रहा है, और इस बार अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है। 2025 में 3.56 करोड़ पंजीकरण हुए हैं, जो पिछले साल के 2.26 करोड़ पंजीकरण से काफी अधिक है। इस कार्यक्रम ने एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले लिया है और यह पूरे देश में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच गहरी पैठ बना चुका है।

कार्यक्रम का उद्देश्य

परीक्षा पे चर्चा का मुख्य उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दौरान तनाव कम करने के तरीके सिखाना है। इसे एक उत्सव के रूप में मनाने की प्रेरणा दी जाती है ताकि छात्र इसे एक चुनौती के रूप में न देख कर, अवसर के रूप में देख सकें। इसके साथ ही मानसिक सेहत और समग्र शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना भी इसका एक उद्देश्य है।

कार्यक्रम की सफलता और भागीदारी

परीक्षा पे चर्चा का इंटरैक्टिव रूप, जिसमें छात्रों, शिक्षकों और प्रधानमंत्री के बीच खुला संवाद होता है, इसकी सफलता का मुख्य कारण रहा है। 2025 में राष्ट्रीय युवा दिवस (12 जनवरी) से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती (23 जनवरी) तक विभिन्न स्कूलों में गतिविधियां आयोजित की गईं। इस बार कुल 1.42 करोड़ छात्रों, 12.81 लाख शिक्षकों और 2.94 लाख स्कूलों ने भाग लिया। इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्रों को तनाव कम करने, ध्यान केंद्रित करने और परीक्षा के दौरान प्रदर्शन को बढ़ाने के लिए तैयार करना था।

विविध गतिविधियाँ और छात्रों की भागीदारी

इस वर्ष छात्रों को खो-खो, कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों, छोटी दूरी की मैराथन, रचनात्मक मीम प्रतियोगिताओं, नुक्कड़ नाटक और आकर्षक पोस्टर बनाने जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही छात्रों को योग, ध्यान और मन की शांति विकसित करने वाले सत्रों में भी शामिल होने का अवसर मिला। कई स्कूलों ने विद्यार्थियों के लिए नाटकों का आयोजन किया, कार्यशालाएं आयोजित कीं और विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया ताकि छात्र अपनी भावनाओं को बेहतर तरीके से व्यक्त कर सकें। इस प्रकार, परीक्षा पे चर्चा ने न केवल छात्रों को परीक्षा के तनाव से बाहर निकालने के लिए एक मंच प्रदान किया, बल्कि पूरे देश में एक सकारात्मक और उत्साही माहौल भी पैदा किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें