Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP के पूर्व विधायक को सोशल मीडिया पर मारने की धमकी, मामला दर्ज

February 14, 2025

BJP के पूर्व विधायक को सोशल मीडिया पर मारने की धमकी, मामला दर्ज

Shahjahanpur : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं पूर्व विधायक को एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर तीन महीने में उनकी हत्या करने की धमकी दी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने हत्या के लिए 20 लाख रुपये की सुपारी मिलने की बात भी कही है। पूर्व विधायक शरदबीर सिंह ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र के कस्बा मिर्जापुर में रहने वाले सव्रेंद्र प्रताप सिंह नामक व्यक्ति ने 12 फरवरी को फेसबुक पर पोस्ट कर धमकी दी थी कि वह तीन महीने में उनकी हत्या कर देगा। पूर्व विधायक सिंह ने बताया कि धमकी देने वाले ने अपने पोस्ट में लिखा था कि इस काम के लिए उसने 20 लाख रुपये की सुपारी भी ली है। इसके बाद उसने 13 फरवरी को सोशल मीडिया पर फिर से एक पोस्ट किया, जिसमें उसने कहा कि ‘‘तीन महीने के बाद तुम्हारी हत्या पक्की है’’। इस घटना के कारण सिंह का पूरा परिवार भयभीत है। पूर्व विधायक का कहना है कि आरोपी से उनकी ना तो कभी मुलाकात हुई और ना ही वह उस व्यक्ति को जानते हैं।

सुरक्षा की निगरानी करने का दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश एस. ने शुक्रवार को बताया कि पूर्व विधायक शरदबीर सिंह बृहस्पतिवार को उनसे मिले थे और उन्होंने अपनी शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर थाना अल्लाहगंज में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसपी ने कहा कि पूर्व विधायक के पास पहले से ही सुरक्षा मौजूद है, इसके बावजूद उन्होंने अल्लाहगंज थाना प्रभारी ओम प्रकाश को उनकी सुरक्षा व्यवस्था करने एवं सुरक्षा की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। राजेश ने बताया कि उन्होंने साइबर प्रकोष्ठ की एक टीम बनाई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें