Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

डिनर से लौट रहे दंपति को लुटेरों ने घेरा, गहने व नकदी लूट बेरहमी से पीटा, पत्नी की मौत

February 16, 2025

डिनर से लौट रहे दंपति को लुटेरों ने घेरा, गहने व नकदी लूट बेरहमी से पीटा, पत्नी की मौत

पंजाब डेस्क। लुधियाना जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां, डेहलों रोड पर देर शाम बी-मेक्स के पास एक दंपती पर बदमाशों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी डिनर करके घर लौट रहे थे, तभी 5-6 बदमाशों ने उनकी कार घेर ली और उन्हें बाहर खींच लिया। जिसके बाद गहने-नकदी लूटा और बेरहमी से पिटाई की।

पति को बेरहमी से पीटा
हमलावरों ने पहले पति अनोक मित्तल की बेरहमी से पिटाई की। जब पत्नी लिप्सी अपने पति को बचाने आई तो बदमाशों ने उसे भी बेरहमी से पीटा। उन्होंने अनोक मित्तल को बेसुध कर दिया और फिर लिप्सी से गहने और नकदी लूटने लगे।

लूट का विरोध करने पर महिला पर किया हमला
जब लिप्सी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर गहने, नकदी, मोबाइल और दंपती की कार लेकर मौके से फरार हो गए।

एक घंटे तक सड़क पर तड़पती रही महिला
हमले के बाद लिप्सी करीब 1 घंटे तक खून से लथपथ सड़क पर पड़ी रही, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। घटना स्थल से 300 मीटर दूर एक ढाबे वाले ने उसकी चीखें सुनीं और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के पहुंचने में लगी देर, अस्पताल में तोड़ा दम
करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत लिप्सी को डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या से इलाके में दहशत
मृतक महिला लिप्सी के दो छोटे बच्चे हैं। उसके पति अनोक मित्तल बैटरी का कारोबार करते हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है, और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

ये भी पढ़ें: UP Police Home Guard Exam City : यूपी पुलिस होम गार्ड एग्जाम सिटी डिटेल्स जारी, प्रवेश पत्र इस डेट में होंगे उपलब्ध

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें