Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Indore में साफ किए गए नाले में किया गया योग, 2 शहरों के महापौर हुए शामिल

February 17, 2025

Indore में साफ किए गए नाले में किया गया योग, 2 शहरों के महापौर हुए शामिल

Indore : देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में जल स्त्रोतों को प्रदूषण से मुक्त किए जाने का संदेश देने के लिए सोमवार को अनूठे कार्यक्रम के तहत एक सूखे नाले में योग किया गया। इस कार्यक्रम में दो शहरों के महापौरों के साथ ही स्थानीय लोग भी शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि इंदौर नगर निगम ने शहर के पंचकुइयां क्षेत्र में एक नाले को साफ किया है और आस-पास सुसज्जित घाट बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह नाला सूखा है जिसके तल पर दरी बिछाकर योगाभ्यास किया गया।

योग कार्यक्रम के दौरान इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया, ‘‘बारिश में जब शहर का सिरपुर तालाब पूरा भर जाता है, तो उसका अतिरिक्त पानी इस नाले से बहकर कान्ह नदी में मिलता है। गुजरे सालों में यह नाला बुरी तरह प्रदूषित हो गया था जिसे हमने साफ किया है ताकि बारिश के मौसम में इसमें स्वच्छ पानी बहे।

चार कुओं की गाद साफ की गई है

इस नाले के मार्ग पर एक ‘स्टॉप डैम’ भी बनाया जा रहा है ताकि गाद और अन्य गंदगी पहले ही रुक जाए। भार्गव ने यह भी बताया कि पंचकुइयां क्षेत्र में एक प्राचीन मंदिर के पास स्थित पांच कुओं में से चार कुओं की गाद साफ की गई है जबकि पांचवें कुएं की सफाई का काम जारी है। नाले में हुए योग कार्यक्रम में राज्य के सिंगरौली शहर की महापौर रानी अग्रवाल भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा,‘‘नाले को साफ किए जाने के बाद इसमें योग के कार्यक्रम का आयोजन बेहद अनूठा रहा।

स्वच्छता सव्रेक्षण में सुपर स्वच्छ लीग की दौड़ में है

हम इंदौर से स्वच्छता के नवाचार सीख कर जाएंगे ताकि इन्हें सिंगरौली में दोहरा सकें।’’ इंदौर, राष्ट्रीय स्वच्छता सव्रेक्षण में लगातार सात बार अव्वल रहा है। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी कहलाने वाला यह शहर वर्ष 2024 के जारी स्वच्छता सव्रेक्षण में सुपर स्वच्छ लीग की दौड़ में है। इस लीग को स्वच्छता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों के बीच अलग से मुकाबले के लिए पहली बार पेश किया गया है। सुपर स्वच्छ लीग में इंदौर को नवी मुंबई और सूरत के साथ 10 लाख से ज्यादा की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रखा गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें