Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाकुंभ 2025 : केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद ने योगी सरकार की सराहना की

February 18, 2025

महाकुंभ 2025 : केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद ने योगी सरकार की सराहना की

महाकुंभ नगर। दुनिया के सबसे बड़े समागम को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिव्य और नव्य महाकुंभ की संकल्पना को साकार कर दिखाया है, जिसे लेकर उत्तर से दक्षिण भारत तक के लोगों का उत्साह चरम पर है। ये बातें महाकुंभ में मंगलवार को पहुंचे केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने संगम की रेती पर कही। उनका यह भी कहना था कि विश्व के सबसे बड़े आयोजन में कुछ लोग निगेटिव बातें भी कर रहे हैं, लेकिन आम आदमी उनकी सच्चाई समझता है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और राज्यसभा सांसद ने संगम में पवित्र स्नान किया। उन्होंने कहा कि भारत का सनातन धर्म बहुत प्रबल है। श्रद्धालुओं के अपार जनसमूह को व्यवस्थित करने के लिए केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद ने योगी सरकार की सराहना की।

केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने महाकुंभ में पवित्र संगम में स्नान किया और इस अद्वितीय अनुभव को भारतीय सनातन धर्म के श्रद्धालुओं के लिए एक अलौकिक घटना बताया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस विशाल आयोजन के लिए की गई व्यवस्थाएं अद्भुत और अकल्पनीय हैं। उनके अनुसार, करोड़ों श्रद्धालुओं का संगम तक पहुंचना इस आयोजन को एक विशेष स्थान देता है, जो भारत के सनातन धर्म की ताकत को प्रदर्शित करता है।

प्रह्लाद जोशी ने कहा कि भारत का सनातन धर्म श्रद्धा रखने वाले लोगों के लिए एक अलौकिक अनुभव है। देशभर से रोज लाखों-करोड़ों लोग संगम तक पहुंच रहे हैं, जो भारतीय सनातन धर्म की ताकत का प्रतीक है। भारत दुनिया के सबसे अच्छे देशों में से एक है, जहां लोग सुख-शांति के साथ रहते हैं। इस महाकुंभ के आयोजन ने इस धारणा को और भी सशक्त बनाया है।

महाकुंभ में पहुंचे राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने उत्तर प्रदेश सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस महाकुंभ का आयोजन शानदार रहा है। उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत से हजारों-लाखों श्रद्धालु महाकुंभ में शामिल होने के लिए रोज आ रहे हैं। यह सनातन धर्म का सबसे बड़ा पावन पर्व है और 144 साल बाद ऐसा अद्भुत अवसर मिला है, जिसे लोग संजोकर यादगार अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महाकुंभ के यादगार आयोजन में कुछ लोग निगेटिव प्रचार भी कर रहे हैं। लेकिन, यह महत्वपूर्ण है कि श्रद्धालुओं का जो उत्साह और आस्था है, वह इस आयोजन की सफलता का प्रमुख कारण है। पूरी दुनिया देख रही है कि कैसे योगी आदित्यनाथ सरकार ने महाकुंभ के आयोजन को बेहद सफल और भव्य बनाया है। जिससे पूरे देश और विदेश से श्रद्धालु इस आयोजन में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। सनातन धर्म और आस्था के प्रतीक इस आयोजन में आकर लोग गर्व महसूस कर रहे हैं।

महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने पवित्र संगम में स्नान कर खुद को धन्य माना। उन्होंने कहा कि महाकुंभ किसी के भी जीवन की सबसे अविस्मरणीय यादगारों में से एक है। यह उन सभी लोगों के लिए ऐतिहासिक दिन है, जो हिंदुत्व और जो ईश्वर में विश्वास करते हैं। यह पवित्र डुबकी हमारे सभी पापों को धो देगी। यह हमें एक बार फिर से सोचने पर मजबूर कर देगी कि हमें अपने लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए अधिक से अधिक काम करना चाहिए। यही इस पवित्र डुबकी की महानता है। उन्होंने कहा कि यह पूरी दुनिया में सबसे बड़ा आध्यात्मिक आयोजन है। महाकुंभ में साधारण लोगों के लिए भी असाधारण व्यवस्था की गई है, जो अद्भुत है। इसके लिए राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने केंद्र और राज्य दोनों सरकारों की सराहना की।

ये भी पढ़ें: Punjab News: तरनतारन में किसान नेता की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें