Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Delhi Assembly News : विजेंद्र गुप्ता होंगे दिल्ली विधानसभा के स्पीकर और डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट

February 20, 2025

Delhi Assembly News : विजेंद्र गुप्ता होंगे दिल्ली विधानसभा के स्पीकर और डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट

नेशनल डेस्क : दिल्ली को आज यानी बृहस्पतिवार को नया सीएम मिलने वाला है। कुछ ही देर में रेखा गुप्ता सीएम पद की शपथ लेने जा रही है। बता दें कि रेखा गुप्ता के साथ ही अन्य 6 विधायक भी मंत्रीपद की शपथ लेनेवाले है। इन मंत्रियों के नाम इस प्रकार है, प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्र और पंकज कुमार सिंह भी शपथ लेंगे। वहीं इस शुभ घड़ी में दिल्ली विधानसभा के स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के नाम का भी ऐलान कर दिया गया है। विजेंद्र गुप्ता को दिल्ली विधानसभा का नया स्पीकर बना दिया गया है। इसके साथ ही मोहन सिंह बिष्ट को डिप्टी स्पीकर के पद की जिम्मेदारी दी जाएगी।

पार्टी ने मेरे लिए स्पीकर का पद तय किया…

भारतीय जनता पार्टी नेता विजेंद्र गुप्ता ने आईएएनएस से कहा कि पार्टी ने उन्हें स्पीकर पद के लिए चुना है और वो कोशिश करेंगे की सदन में अपने कर्तव्यों का ठीक से पालन कर सकें। उन्होंने कहा, ‘आज का दिन बेहद खुशी का है। 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार दिल्ली में सत्ता में आ रही है, और आज शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है। हम सभी उस समारोह में शामिल होने के लिए वहां जा रहे हैं। मैं अपनी नई मुख्यमंत्री रेखा जी को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। शपथ ग्रहण के इस खास मौके पर पूरे मंत्रिमंडल को भी मेरी ओर से बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।‘

रेखा जी को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं देता हूं

उन्होंने आगे कहा, ‘पार्टी ने फैसला किया है कि मुझे स्पीकर के पद पर नियुक्त किया जाए और मैं दिल्ली विधानसभा को नियमों व कानून के दायरे में चलाऊंगा। यह लोकतंत्र का मंदिर है और इसी भावना के साथ हमें काम करना है।‘हालांकि पार्टी ने स्पीकर किसे बनाया जाएगा इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। उन्होंने कहा, ‘हमने यमुना की सफाई को एक चुनौती के रूप में स्वीकार किया है और बहुत कम समय में इसे पूरा करके दिखाएंगे।‘ इसके बाद उन्होंने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा, ‘इसके अलावा मेरा मानना है कि जो शीशमहल कहलाती है, वह दिल्ली की राजनीतिक परिस्थितियों में एक बदनुमा दाग है। यह किसी भी सरकार के भ्रष्टाचार का ज्वलंत उदाहरण है। मैं इसे भ्रष्टाचार का साम्राज्य कहूंगा। भारतीय जनता पार्टी इसे छूना भी नहीं चाहेगी। यह पूरी तरह जांच के दायरे में है।‘

सदन के पटल पर CAG की रिपोर्ट रखूं

उन्होंने कहा, ‘जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उस स्थान का जनहित में उचित उपयोग होना चाहिए। जो बदलाव और संशोधन वहां किए गए थे, उसे वापस उसी मूल रूप में लाया जाना चाहिए, ताकि 50 हजार गज का परिसर अपने मूल 10 हजार गज के क्षेत्र में वापस आ सके।‘ उन्होंने कहा, ‘हमारे दिमाग में एक्शन प्लान बिल्कुल साफ है। सदन में स्वस्थ चर्चा हो, सरकार जनता के बीच अपने कार्यक्रमों को पेश करे और विपक्ष अपनी भूमिका विधिवत रूप से निभाए। यही हमारी अपेक्षा है। मैं यह घोषणा करता हूं कि दिल्ली विधानसभा के स्पीकर का पद संभालते ही मेरा पहला काम होगा कि सदन के पटल पर सीएजी की रिपोर्ट रखूं। यह स्पीकर का दायित्व है, और इसे मैं पूरे उत्साह के साथ निभाऊंगा।‘

बता दें कि आज दिल्ली की बीजेपी सरकार के तहत रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री के साथ 6 नेता दिल्ली कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। नवीनतम जानकारी के मुताबिक, प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्र और पंकज कुमार सिंह मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। वहीं विजेंद्र गुप्ता को स्पीकर पद के लिए चुना गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें